Weather Forecast Update: दिल्ली में बारिश, जानें UP-बिहार सहित अन्‍य राज्यों के मौसम का हाल

Weather Forecast Today Updates: देश के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है जिसकी वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है. दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. राजस्‍थान में भारी बारिश का दौर आज से फिर शुरू हो सकता है. केरल में भारी भी बारिश हो रही है. यहां अबतक छह की मौत हो चुकी है. जानें बिहार-यूपी सहित अन्‍य राज्यों के मौसम का हाल

Live Updates
9:45 PM. 3 Aug 22 9:45 PM. 3 Aug

श्रीनगर में 122 सालों में सर्वाधिक वर्षा

श्रीनगर में जून-जुलाई में औसत से 107 फीसद अधिक वर्षा हुई जो 122 सालों में सर्वाधिक है. एक निजी मौसम पूर्वानुमान कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी. (भाषा)

5:27 PM. 3 Aug 22 5:27 PM. 3 Aug

केरल में रेड अलर्ट वापस

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को केरल से रेड अलर्ट वापस ले लिया और राज्य के 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया. मौसम विभाग ने बताया कि केरल में बारिश की तीव्रता में संभावित कमी का संकेत है.

2:23 PM. 3 Aug 22 2:23 PM. 3 Aug

दिल्ली में अगले तीन दिन तक हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिन तक हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है. ‘स्काईमेट वेदर’ में मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन प्रभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि ‘मानसून ट्रफ’ (कम दबाव वाला क्षेत्र) हिमालय की तलहटी से मध्य भारत की ओर बढ़ रहा है.

2:23 PM. 3 Aug 22 2:23 PM. 3 Aug

दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश

दिल्ली में बुधवार को बारिश होने से लोगों को उमस भरे मौसम से थोड़ी राहत मिली. पूर्वी तथा दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई. मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि ‘मानसून ट्रफ’ (कम दबाव वाला क्षेत्र) के हिमालय की तलहटी से नीचे की ओर बढ़ने के कारण दिल्ली में अगले दो से तीन दिन तक बारिश होने की संभावना है.

2:23 PM. 3 Aug 22 2:23 PM. 3 Aug

पूर्वी राजस्‍थान में कई जगह भारी से अति भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले चौबीस घंटे में पूर्वी राजस्‍थान में कई जगह भारी से अति भारी बारिश हुई. साथ ही पश्चिमी राजस्‍थान में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हुई। इस दौरान माउंट आबू में 13 सेंटीमीटर, प्रतापगढ़ के अनोंद में 12 सेंटीमीटर, डूंगरपुर के निथुवा तथा नागौर के डीडवाना में सात-सात सेंटीमीटर, भीलवाड़ा के मांडल में छह सेंटीमीटर और सीकर के फतेहगढ़ में छह सेंटीमीटर बारिश हुई.

1:35 PM. 3 Aug 22 1:35 PM. 3 Aug

राजस्‍थान में भारी बारिश का दूसरा दौर

राजस्‍थान के अनेक हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी के बीच बीते चौबीस घंटे में राज्‍य में कई जगह मूसलाधार बारिश हुई. इस दौरान सबसे अधिक 134 मिलीमीटर बारिश सिरोही के माउंट आबू में दर्ज की गई.

12:14 PM. 3 Aug 22 12:14 PM. 3 Aug

मध्यप्रदेश का मौसम

मध्यप्रदेश में अभी बारिश का दौर थम चुका है. पिछले कुछ दिनों से जारी तेज बारिश की वजह से सूबे के कई इलाकों में हालात खराब हो गये थे, लेकिन फिलहाल प्रदेश में किसी भी सिस्टम के सक्रिय नहीं होने के चलते बारिश का दौर थम गया है.

10:24 AM. 3 Aug 22 10:24 AM. 3 Aug

बिहार के इन जिलों में बारिश के आसार

बिहार के कुछ जिलों में आज बारिश के आसार हैं. मंगलवार को बेगूसराय, पटना, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगडिया, भागलपुर, मुंगेर एवं बांका, किशनगंज में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है.

9:23 AM. 3 Aug 22 9:23 AM. 3 Aug

इन राज्यों में होगी बारिश

तमिलनाडु, कर्नाटक, अंडमान, बिहार, केरल, मध्य प्रदेश समेत कुछ राज्यों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

8:39 AM. 3 Aug 22 8:39 AM. 3 Aug

बेंगलुरु में बारिश

कर्नाटक में बारिश का दौर जारी है. बेंगलुरु में बीती रात बारिश होने की वजह से शहर के कई जगहों में जलभराव नजर आ रहा है. जलभराव होने के कारण कई गाड़ियां फंस गयी है.

8:39 AM. 3 Aug 22 8:39 AM. 3 Aug

झारखंड में अगस्त-सितंबर में मानसून की सामान्य बारिश

भारत में खासतौर से पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में अगस्त-सितंबर में मानसून की सामान्य बारिश होगी. मौसम विभाग की ओर से जो जानकारी दी गयी है, उसके अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में इस मानसून में कम बारिश हुई है.

7:27 AM. 3 Aug 22 7:27 AM. 3 Aug

दिल्ली का न्‍यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस

मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 25 डिग्री सेल्सियस और 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. दिल्ली में आज हल्की से मध्‍यम बारिश के आसार हैं.

7:27 AM. 3 Aug 22 7:27 AM. 3 Aug

राजस्‍थान में आज से फिर शुरू हो सकता है भारी बारिश का दौर

राजस्‍थान में मानसूनी बारिश का दौर जारी है जहां बीते चौबीस घंटे में सबसे अधिक नौ सेंटीमीटर बारिश टोंक में दर्ज की गयी. वहीं राज्‍य में बुधवार को भारी बारिश होने की आशंका है. विभाग का कहना है कि राज्‍य के अनेक इलाकों में भारी बारिश का दूसरा दौर 3 अगस्‍त से शुरू हो सकता है. इसके अनुसार चार अगस्त को पूर्वी राजस्थान के कोटा संभाग व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.

7:26 AM. 3 Aug 22 7:26 AM. 3 Aug

केरल में भारी बारिश

केरल के 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. लगातार बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में छह लोगों की मौत हो गयी तथा भूस्खलन, जल स्तर में वृद्धि के बीच हजारों लोगों को राहत शिविरों में स्थानांतरित किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पत्तनमथिट्टा और कासरगोड को छोड़कर राज्य के सभी जिलों के वास्ते तीन अगस्त के लिए रेड अलर्ट जारी किया और पांच अगस्त तक राज्य में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है.

7:26 AM. 3 Aug 22 7:26 AM. 3 Aug

बिहार में बाढ़ का असर

नेपाल की तराई व कोसी नदी के जल अधिग्रहण क्षेत्र में हुई लगातार बारिश की वजह से कोसी नदी उफान पर है. कोसी नदी का डिस्चार्ज मंगलवार को इस वर्ष के सबसे अधिक स्तर पर पहुंच गया. वीरपुर स्थित कोसी बराज पर शाम छह बजे नदी का कुल डिस्चार्ज दो लाख 41 हजार 330 क्यूसेक दर्ज किया गया. जो इस वर्ष मानसून के मौसम में नदी का सर्वाधिक डिस्चार्ज है.

7:26 AM. 3 Aug 22 7:26 AM. 3 Aug

उत्तर प्रदेश में होगी बारिश

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में इन दिनों मानसून के जोर पकड़ने का असर दिखने लगा है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश का अनुमान है. पूर्वांचल के इलाकों में भारी बारिश की आशंका जाहिर की गई है.आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, लखीमपुर खीरी और आसपास के इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेगी. साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना है.

मुख्य बातें

Weather Forecast Today Updates: देश के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है जिसकी वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है. दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. राजस्‍थान में भारी बारिश का दौर आज से फिर शुरू हो सकता है. केरल में भारी भी बारिश हो रही है. यहां अबतक छह की मौत हो चुकी है. जानें बिहार-यूपी सहित अन्‍य राज्यों के मौसम का हाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >