मौसम: बिहार-बंगाल ही नहीं, इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट; तेजी से आगे बढ़ रहा है मॉनसून

Weather Forecast : मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने अपनी रफ्तार बढ़ाते हुए पश्चिम-मध्य और पूर्वी-मध्य अरब सागर के साथ-साथ महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों में दस्तक दे दी है. इसके अलावा तेलंगाना के कुछ इलाकों में भी मानसून आगे बढ़ गया है. जानें किन राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 9 से 14 जून के दौरान हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं, 11 से 14 जून के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 से 14 जून के दौरान कहीं-कहीं बारिश देखने को मिल सकती हैं. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तेज हवाएं चलने की संभावना

9 से 12 जून के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में जबकि 9 से 10 जून के बीच छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा रह सकती है.

बिहार और बंगाल में बारिश का अलर्ट

9 से 14 जून के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल (दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी वाला इलाका)  के अलावा सिक्किम में काफी भारी होने की संभावना है. इसके अलावा, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल  (कोलकाता,हावड़ा, हुगली वाला इलाका) में 10 से 12 जून, झारखंड और ओडिशा में 12 से 13 जून जबकि बिहार में 11 जून को भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं.

पूर्वोत्तर भारत में बारिश के आसार

9 से 14 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी से लेकर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं.

पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली में 9 जून को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 42-44°C और न्यूनतम तापमान 28-30°C रहने की उम्मीद है, साथ ही दिन के दौरान 40 किमी/घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 10 जून को तापमान समान (42-44°C) रहेगा, लेकिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने और दोपहर या शाम के समय गरज के साथ मौसम बनने की संभावना है. वहीं 11 जून को अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट (40-42°C) आएगी और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ-साथ शाम या रात के वक्त हल्की बारिश होने के आसार हैं.

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम केंद्र जयपुर ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश इलाकों में आगामी 2-3 दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके साथ ही, 9 से 11 जून के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने, कहीं-कहीं हीटवेव (लू) चलने और 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है. हालांकि, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 11 जून से राज्य के कुछ हिस्सों में एक बार फिर आंधी और बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के आसार जताए गए हैं.

कर्नाटक के तटीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

कर्नाटक के तटीय जिलों में दक्षिण-पश्चिम मॉननसून के सक्रिय होने के बीच आईएमडी ने अगले दो दिनों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताते हुए दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है. कर्नाटक तट पर मॉनसून के आगमन के बाद से क्षेत्र में भारी और लगातार बारिश हो रही है. कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >