Watch Video : इन गांवों में कोई अपनी बेटी की शादी नहीं करना चाहता, वजह हैरान करने वाली

Watch Video : महाराष्ट्र के नासिक में जल संकट का वीडियो सामने आया है. यहां महिलाओं को पानी के लिए कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता है. जल संकट वाले गांव में लोग अपनी बेटियों की शादी नहीं करना चाहते हैं. जानें यहां की महिलाओं ने क्या कहा? कुएं में उतरते हुए एक महिला का वीडियो वायरल होने के बाद पूरा इलाका चर्चा में हैं.

Watch Video : जल संकट के चलते महाराष्ट्र के नासिक के बोरीचिवाड़ी गांव की महिलाएं परेशान हैं. वे पानी के लिए कुएं में उतर रहीं हैं. इसका वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने जारी किया है. वीडियो में नजर आ रहा है कि बड़ा सा एक कुआं हैं. इसके किनारे कई महिलाएं खड़ीं हैं. वे रस्सी से बाल्टी को बांधकर कुएं में डाल रहीं हैं. हालांकि कुआं सूखा है लेकिन गड्ढों में पानी जमा है. इन गड्ढों से वे पानी निकाल रहीं हैं. देखें वीडियो

अपनी बेटियों की शादी बोरीचीबारी में करने से हिचकिचाते हैं लोग

द्रौपदा महाभाव का एक वीडियो भी वायरल हुआ जिसमें वह कुएं से नीचे उतर रही हैं. वह कहती हैं कि जब पानी होता भी है, तो वह इतना कम होता है कि बर्तन तक पानी नहीं पहुंच पाता. इसलिए उन्हें नीचे उतरना पड़ता है और अपने बर्तन को भरने के लिए छोटे कटोरे का इस्तेमाल करना पड़ता है. वह डरी हुई महसूस करती हैं, खासकर एक महिला के कुएं में गिरने और उसके दांत और अंग टूटने की खबर सुनने के बाद वह डरी रहतीं हैं. इन मुद्दों के कारण, दूसरे गांवों के परिवार अपनी बेटियों की शादी बोरीचीबारी में करने से हिचकिचाते हैं.

1.5 किलोमीटर पैदल चलकर पानी लातीं हैं महिलाएं

जल संकट को लेकर इंडिया टुडे ने एक खबर प्रकाशित की है. इसमें बताया गया है कि चिलचिलाती धूप में केवल एक घूंट पानी के लिए कई किलोमीटर चलना पड़ता है. नासिक जिले के पेठ तालुका में स्थित बोरीचीबारी गांव की महिलाओं को रोजाना संघर्ष करना पड़ता है. बोरीचीबारी कुंभले ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले छह गांवों में से एक है, जिसकी आबादी लगभग 4,000 है. गांव में हर गर्मियों में पानी की भारी कमी होती है. तीन स्थानीय कुएं पूरी तरह से सूख चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को पास के कुंभले के एक कुएं से पानी लाने के लिए लगभग 1.5 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है.

गांव की महिलाओं का कहना है कि वे अपना अधिकांश दिन पानी इकट्ठा करने में बिताती हैं. इससे घर की जिम्मेदारियां और बच्चों की देखभाल प्रभावित होती है. इससे न केवल शारीरिक थकावट होती है, बल्कि मानसिक तनाव भी होता है. कुएं से 1 किमी दूर स्थित कुंभार गांव की महिलाएं भी पानी के लिए लाइन में लगतीं हैं.

गांव के तीनों कुएं सूख गए

संगीता महानुभव बताती हैं कि वह पानी लाने के लिए हर सुबह और शाम दो घंटे पैदल चलती हैं. इस प्रयास के कारण अक्सर उनके पैरों में दर्द होता है और कभी-कभी वह बीमार भी पड़ जाती हैं. आस-पास कोई जल स्रोत न होने और गांव के तीनों कुएं सूख जाने के कारण, लोगों को कपड़े धोने के लिए दूर के तालाब में जाना पड़ता है. गांव के मुखिया के सामने इस मुद्दे को उठाने के बावजूद, उनका कहना है कि कुछ भी नहीं बदला है. एक अन्य निवासी तनु गावित का कहना है कि जब से वह शादी करके गांव में आई हैं, तब से यह समस्या बनी हुई है. वह पानी लाने के लिए दिन में दो बार 1.5 किलोमीटर पैदल चलती हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >