Video : मुंबई पुलिस के मुताबिक, तीन लोग संदिग्ध सरकारी आईडी कार्ड लेकर जियो वर्ल्ड प्लाजा पहुंचे थे. उनके पास बंदूक भी थी. आरोप है कि उन्होंने मॉल की सुरक्षा को पार कर अंदर घुसने की कोशिश की. इस मामले में बीकेसी थाने में केस दर्ज किया गया है. आरोपियों पर सरकारी अधिकारी बनकर पहचान बताने और हथियार के साथ जबरन अंदर घुसने की कोशिश करने का मामला दर्ज हुआ है. क्राइम ब्रांच इसकी जांच कर रही है. पुलिस ने बताया कि बरामद बंदूक लाइसेंसी है. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार को हुई थी.
इससे पहले पुलिस ने बताया कि मुंबई के बीकेसी में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर स्वयं को पीएमओ अधिकारी बताने वाले व्यक्ति और उसके बॉडीगार्ड को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम से संबंध से इनकार किया. पकड़े गये फर्जी अधिकारी का नाम रोहन पारेख बताया जा रहा है. जब उसे कोर्ट में लेकर पुलिस पहुंची तो उसने अपने चेहरे पर रुमाल जैसी चीज बांध रखी थी. इसका वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने एक्स पर शेयर किया है.
ये भी पढ़ें: PM मोदी के कार्यक्रम से पहले सिक्योरिटी ब्रीच, फर्जी PMO ID लेकर पहुंचे 2 लोग, बॉडीगार्ड के पास मिली बंदूक
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, मामले में रोहन प्रेमल पारिख (24) और दिलीप राजा कुंडे (49) को गिरफ्तार किया गया है. दोनों को 11 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.
