केरल के साइकिलिस्ट सनीद बिना फ्रंट व्हील वाली साइकिल से लंबी दूरी की यात्रा कर रहे हैं. उनका मकसद सिर्फ एक अनोखा रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि ‘Say No to Drugs’ का संदेश लोगों तक पहुंचाना है. वे केरल से कश्मीर बिना फ्रंट व्हील के साइकिल से यात्रा कर चुके हैं. इस बार उनका लक्ष्य केरल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचना है. जिसकी शुरूआत 5 मई 2026 को हुई थी.
बिना फ्रंट व्हील के पूरा किया केरल से कश्मीर का सफर
सनीद ने बताया कि वह इससे पहले बिना फ्रंट व्हील के केरल से कश्मीर तक साइकिल चला चुके हैं. अब उन्होंने केरल से एवरेस्ट बेस कैंप तक की यात्रा शुरू की है. उनके मुताबिक, इस यात्रा में वह अब तक 7,000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय कर चुके हैं.
सनीद रोजाना करीब 50 से 60 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं. हालांकि, सड़क और मौसम की स्थिति के आधार पर दूरी बदल जाती है. उनका एक दिन में सबसे ज्यादा 150 किलोमीटर साइकिल चलाने का रिकॉर्ड है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में 21 परीक्षाएं रद्द: क्या आपकी कुंडली का 'सूर्य' बचा पाएगा आपकी नौकरी?
भारतीय सेना के जवानों को परेड स्टंट की देते हैं ट्रेनिंग
सनीद ने बताया कि बिना फ्रंट व्हील के साइकिल चलाना सामान्य साइकिल की तुलना में काफी मुश्किल है. खासकर तेज हवाओं के दौरान संतुलन बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है. हालांकि, उन्हें इस तरह की साइकिल चलाने का करीब 12 साल का अनुभव है.
वह सिविल इंजीनियरिंग और इंटीरियर डिजाइनिंग की पढ़ाई कर चुके हैं और पेशेवर बाइक स्टंट भी करते हैं. उनके मुताबिक, वह भारतीय सेना के जवानों को परेड स्टंट की ट्रेनिंग भी देते हैं.
ये भी पढ़ें: पेंटर्स और उनके परिजनों की हुई निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, नेरोलैक पेंट्स ने लगाया हेल्थ कैंप
‘एक व्यक्ति को भी ड्रग्स से दूर कर पाना मेरी उपलब्धी होगी’
सनीद का कहना है कि उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य केरल, तमिलनाडु और पूरे भारत में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना है. वह लोगों को यह संदेश देना चाहते हैं कि जिंदगी में कुछ अलग करने और खुशी हासिल करने के लिए ड्रग्स की जरूरत नहीं है.
उन्होंने कहा कि अगर उनकी यात्रा से एक व्यक्ति भी अपनी सोच बदलता है और नशे से दूर रहने का फैसला करता है, तो उनके लिए यही उनकी असली उपलब्धि और ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड’ होगी.
