V D Satheesan : केरल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के लगभग दो हफ्ते बाद यूडीएफ की सरकार केरल में बनेगी. कांग्रेस नेता वी डी सतीशन सोमवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे और अपना पदभार ग्रहण करेंगे. केरल में कांग्रेस की सरकार लगभग 10 साल बाद फिर से बनी है.
सेंट्रल स्टेडियम में शपथ ग्रहण की चल रही तैयारी
वीडी सतीशन का शपथ ग्रहण समारोह सेंट्रल स्टेडियम में होगा. इसकी तैयारियां जोर शोर से जारी हैं. शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक विशाल मंच तैयार किया जा रहा है. स्टेडियम में शपथग्रहण के दौरान हजारों पार्टी कार्यकर्ता, राष्ट्रीय राजनीतिक हस्तियां एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे. समारोह की तैयारियों में बारिश से बचाव के इंतजाम भी किये जा रहे हैं.
सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
सोमवार 18 मई को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के लिए पूरे तिरुवनंतपुरम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. बड़ी संख्या में वीआईपी और यूडीएफ समर्थकों के तिरुवनंतपुरम आने के की वजह से विशेष यातायात व्यवस्था भी की गई है.कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में निर्णायक जीत हासिल की थी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) को सत्ता से बेदखल कर दिया था.
5 वर्षों तक विपक्ष के नेता रहे सतीशन
वीडी सतीशन कांग्रेस के मजबूत जनाधार वाले नेता हैं. उन्हें व्यापक जनसमर्थन प्राप्त है. उनके बारे में यह कहा जाता है कि उन्होंने पार्टी के जनाधार को फिर से मजबूत किया.अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा सतीशन को अगला मुख्यमंत्री घोषित किए जाने के बाद से उन्होंने गठबंधन सहयोगियों के साथ नए मंत्रिमंडल को अंतिम रूप देने के लिए कई बैठकें की हैं.
ये भी पढ़ें : अफ्रीकी देशों में इबोला का कहर, WHO ने हेल्थ इमरजेंसी घोषित की
