Hathras Stampede: हाथरस हादसे पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जताया दुख, सीएम योगी से की बात, सैकड़ों लोगों की गई जान

Hathras Stampede: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र में आयोजित एक सत्संग में मंगलवार को भगदड़ मच गयी, जिसमें 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई. जबकि कई लोग घायल हो गए है.

Hathras Stampede: हाथरस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. राष्ट्रपति ने दुख जताते हुए एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है. मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और हादसे के बारे में पूरी जानकारी ली.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक सत्संग समारोह के दौरान भगदड मचने से बड़ी संख्या में लोगों की मौत पर दुख जताते हुए पीड़ितों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. प्रधानमंत्री ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा के जवाब के दौरान कहा, चर्चा के बीच मुझे अभी एक दुखद खबर दी गई है. उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक कार्यक्रम में भगदड़ मचने से कई लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना आ रही है. मैं मृतकों के प्रति अपनी संवेदना (शोक) व्यक्त करता हूं. मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं. प्रधानमंत्री ने कहा, राज्य सरकार की देखरेख में प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है. केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उत्तर प्रदेश सरकार के लगातार संपर्क में है. मैं इस सदन के माध्यम से सभी को भरोसा दिलाता हूं कि पीड़ितों को हरसंभव मदद दिलाई जाएगी.

गृह मंत्री अमित शाह ने भी हाथरस हादसे पर जताया दुख

यूपी के हाथरस में हादसे को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया. उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया और लिखा, उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुःखद हादसे से मन अत्यंत व्यथित है. इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. ईश्वर उन्हें यह कष्ट सहने की शक्ति दें. स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.

Also Read: हाथरस भगदड़ में अब तक 120 की मौत, आयोजकों पर होगी एफआईआर

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जताया दुख

हाथरस हादसे पर दुख जताते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है. इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन सभी पीड़ितों की हरसंभव मदद कर रही है.

सीएम योगी ने भी जताया दुख, जांच का आदेश दिया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं. उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संदीप सिंह जी घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं तथा प्रदेश के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को घटना स्थल पर पहुंचने हेतु निर्देशित किया है. ADG, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >