Tripura Assembly Election: त्रिपुरा में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार, टिपरा मोथा बन सकती है किंगमेकर, समझें गणित

शाही परिवार के पूर्व वंशज प्रद्योत माणिक्य देबबर्मा के नेतृत्व वाले टिपरा मोथा ने भाजपा या कांग्रेस और वाम मोर्चे के साथ गठबंधन करने से मना कर दिया, लेकिन उसने ग्रेटर टिपरालैंड के अलग राज्य की उसकी मांग का समर्थन करने वाले किसी भी दल के साथ चुनाव बाद गठबंधन किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया.

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना जतायी जा रही है. जबकि नवगठित राजनीतिक दल टिपरा मोथा के किंगमेकर के रूप में उभरने के सामने आने की उम्मीद भी की जा रही है. इस चुनाव में मुख्य रूप से मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-इंडिजेनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) गठबंधन, कांग्रेस-वाम मोर्चा गठबंधन और टिपरा मोथा के बीच होगा.

टिपरा मोथा ने बीजेपी और कांग्रेस के साथ गठबंधन से किया इनकार

शाही परिवार के पूर्व वंशज प्रद्योत माणिक्य देबबर्मा के नेतृत्व वाले टिपरा मोथा ने भाजपा या शत्रु से मित्र बनी कांग्रेस और वाम मोर्चे के साथ गठबंधन करने से मना कर दिया, लेकिन उसने ग्रेटर टिपरालैंड के अलग राज्य की उसकी मांग का समर्थन करने वाले किसी भी दल के साथ चुनाव बाद गठबंधन किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया.

टिपरा मोथा अकेले दम पर लड़ेगी चुनाव

टिपरा मोथा ने त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) के लिए 2021 में हुए चुनावों में शानदार प्रदर्शन कर निकाय की 30 में से 18 सीट हासिल की थीं. टिपरा मोथा ने विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है और उसे 20 जनजातीय बहुल सीट पर जीत की उम्मीद है. कुल 60 सदस्यीय विधानसभा वाले पूर्वोत्तर राज्य में ये सीटें बहुत अहम होंगी.

भाजपा ने 55 उम्मीदवार उतारे मैदान पर

सत्तारूढ़ भाजपा ने 55 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है और अपनी सहयोगी आईपीएफटी के लिए मात्र पांच सीट छोड़ी हैं. गठबंधन सहयोगी गोमती जिले की अम्पीनगर विधानसभा सीट पर दोस्ताना चुनावी जंग लड़ेंगे, क्योंकि 16 फरवरी को होने वाले चुनावों में आईपीएफटी कुल छह निर्वाचन क्षेत्रों में भाग्य आजमाएगी.

Also Read: त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: आसान नहीं होगी बीजेपी की डगर! सत्ता पर काबिज होने के लिए करनी होगी कड़ी मशक्त

2018 चुनाव में भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन ने वाम मोर्चे के 25 साल लंबे शासन को किया समाप्त

भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन ने 2018 के विधानसभा चुनावों में वाम मोर्चे के 25 साल लंबे शासन को समाप्त कर दिया था. भाजपा ने 10 एसटी (अनुसूचित जनजाति) आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों सहित 36 सीट पर जीत हासिल की थी, जबकि इसके गठबंधन सहयोगी को आठ सीट पर जीत मिली थी.

टिपरा मोथा की बढ़ रही लोकप्रियता

पर्यवेक्षकों का मानना है कि टिपरा मोथा की लोकप्रियता न केवल इसलिए बढ़ी, क्योंकि उसने अलग राज्य की मांग उठाई, बल्कि इसलिए भी बढ़ी, क्योंकि जनजातीय समुदाय के लोग तत्कालीन शाही परिवार का अब भी सम्मान करते हैं और वे प्रद्योत देबबर्मा को ‘बुबागरा’ या राजा कहकर संबोधित करते हैं.

क्या है भाजपा का दावा

भाजपा नेता और चुनावी रणनीतिकार बलई गोस्वामी ने कहा कि त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति में भाजपा के पास टिपरा मोथा और कांग्रेस-वाम मोर्चा गठबंधन के मुकाबले बढ़त होगी, क्योंकि भाजपा विरोधी वोट उनके बीच विभाजित हो जाएंगे.

क्या है कांग्रेस-वाम गठबंधन का दावा

माकपा के वरिष्ठ नेता पबित्रा कार ने कहा कि टिपरा मोथा और भाजपा के बीच लड़ाई से कांग्रेस-वाम गठबंधन को फायदा होने की उम्मीद है, क्योंकि भाजपा के सहयोगी आईपीएफटी ने पहाड़ियों में अपनी ताकत खो दी है, लेकिन माकपा के जनजातीय क्षेत्रों में अब भी वफादार समर्थक हैं.

टिपरा मोथा बोले उनकी पार्टी बनेगी किंगमेकर

टिपरा मोथा के प्रवक्ता एंथनी देबबर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी कम से कम 25-26 सीटें जीतकर ‘किंगमेकर’ बनकर उभरेगी. गौरतलब है कि त्रिपुरा विधानसभा के लिए मतदान 16 फरवरी को होगा और मतगणना दो मार्च को की जाएगी.

माकपा अकेले 43 सीट पर लड़ेगी चुनाव

माकपा अकेले 43 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि वाम मोर्चा के अन्य घटक-फॉरवर्ड ब्लॉक, आरएसपी और भाकपा, एक-एक सीट पर उम्मीदवार खड़े करेंगे. वाममोर्चा के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही कांग्रेस ने 13 सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं. टिपरा मोथा ने 42 सीट पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। तृणमूल कांग्रेस 28 सीट पर किस्मत आजमाएगी, जबकि 58 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Arbindkumar mishra

अरबिंद कुमार मिश्रा मुख्यधारा की पत्रकारिता में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले एक वरिष्ठ पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में, वह प्रभात खबर डॉट कॉम (Prabhat Khabar) में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. अरबिंद नेशनल, इंटरनेशनल और स्पोर्ट्स कैटेगरी में अपनी लेखनी के लिए जाने जाते हैं. गहरी रिसर्च पर आधारित स्पेशल स्टोरीज, रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' लिखना उनकी मुख्य यूएसपी (USP) है.

झारखंड की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं में उनकी गहरी रुचि है. अपनी उत्कृष्ट और सरोकार से जुड़ी रिपोर्टिंग के लिए उन्हें संस्थान स्तर पर कई बार सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जा चुका है.

करियर का सफरनामा

अरबिंद ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत देश की प्रतिष्ठित बहुभाषी न्यूज एजेंसी 'हिंदुस्थान समाचार' से बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद उन्होंने प्रसार भारती के अंग दूरदर्शन और आकाशवाणी के साथ भी काम किया, जहां उन्होंने एंकरिंग, वॉइस-ओवर और रिपोर्टिंग के गुर सीखे. साल 2011 में वह 'प्रभात खबर डॉट कॉम' से जुड़े और तब से लगातार डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

प्रमुख उपलब्धियां और ग्राउंड रिपोर्टिंग

खेल पत्रकारिता और जमीनी रिपोर्टिंग में अरबिंद का योगदान उल्लेखनीय रहा है. उनकी कुछ सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हैं:

34वें राष्ट्रीय खेल: झारखंड में आयोजित ऐतिहासिक 34वें नेशनल गेम्स की बेहतरीन और व्यापक ग्राउंड रिपोर्टिंग.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट: रांची के जेएससीए (JSCA) स्टेडियम में आयोजित कई इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों को करीब से कवर किया.

पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप (2018): भुवनेश्वर में आयोजित वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले की शानदार स्पोर्ट्स रिपोर्टिंग.

पंचायतनामा: प्रभात खबर के इस खास विंग के लिए ग्रामीण इलाकों का दौरा कर कई प्रेरक 'सक्सेस स्टोरीज' लिखीं.

शैक्षणिक योग्यता (Education & Credentials)

UGC NET: साल 2019 में यूजीसी नेट (UGC NET) की परीक्षा उत्तीर्ण की.

बैचलर ऑफ जर्नलिज्म (BJMC): रांची विश्वविद्यालय से साल 2011 में पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की.

एम.ए. (नागपुरी भाषा): रांची विश्वविद्यालय के 'जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग' से साल 2009 में नागपुरी भाषा में स्नातकोत्तर (MA) की डिग्री हासिल की.

लेखन शैली और विशेषज्ञता: एक्सप्लेनर, रिसर्च बेस्ड स्टोरीज, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, इंटरनेशनल अफेयर्स और झारखंड की लोक-संस्कृति.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >