Tamil Nadu TVK Manifesto: पार्टी के घोषणापत्र में विजय ने 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं के लिए प्रति माह 2,500 रुपये की सहायता, विवाह के लिए आठ ग्राम सोना और हर परिवार को साल में छह मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का आश्वासन दिया है.
विजय ने दुल्हनों के लिए सोने के साथ रेशमी साड़ी देने का भी वादा किया है
विजय ने गरीब दुल्हनों के लिए सोने के साथ अच्छी गुणवत्ता की रेशमी साड़ी देने और महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों के लिए पांच लाख रुपये तक के ब्याज-मुक्त ऋण का भी वादा किया है. उन्होंने सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार-मुक्त और सुशासन देने का आश्वासन दिया है.
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के माता-पिता को सलाना 15,000 रुपये देने का वादा
घोषणापत्र में शिक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया है. स्कूल छोड़ने की समस्या को रोकने के लिए सरकारी और राज्य सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं या अभिभावकों को वार्षिक 15,000 रुपये देने का वादा किया गया है. विजय ने राज्य में शिक्षा में क्रांति लाने का श्रेय पाने वाले प्रसिद्ध नेता के कामराज के नाम पर 100 विशेष आवासीय स्कूल स्थापित करने और उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण देने का वादा किया है. टीवीके के संस्थापक ने AI मंत्रालय, AI विश्वविद्यालय और AI नगर स्थापित करने की भी घोषणा की है. घोषणापत्र में कृषि क्षेत्र के कल्याण पर भी विशेष जोर दिया गया है.
टीवीके को 14 सीटों पर मिली जीत, 94 पर बढ़त
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, विजय की पार्टी 14 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है. जबकि 94 विधानसभा क्षेत्रों में आगे चल रही है, जो कि सदन में साधारण बहुमत (118) से कुछ ही कम है.
पांच एकड़ से कम भूमि वाले किसानों के ऋण माफ
पार्टी ने वादा किया है कि पांच एकड़ से कम भूमि रखने वाले किसानों के कृषि सहकारी फसल ऋण पूरी तरह माफ किए जाएंगे, जबकि इससे अधिक भूमि वाले किसानों को 50 प्रतिशत ऋण की माफी दी जाएगी. इसके अलावा, धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन का न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का भी आश्वासन दिया गया है.
बेरोजगार स्नातकों को प्रति माह 4000 रुपये की सहायता
युवा बेरोजगारी को लेकर विजय ने पांच लाख नए सरकारी रोजगार सृजित करने और उतनी ही संख्या में भत्तायुक्त प्रशिक्षण अवसर देने का वादा किया है. बेरोजगार स्नातकों को प्रति माह 4,000 रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी.
पुरानी पेंशन योजना का वादा
सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना पर विचार करने और नर्सों सहित अनुबंध कर्मियों को नियमित करने का आश्वासन दिया गया है. स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने नशामुक्त तमिलनाडु का संकल्प लिया है. विजय ने अस्पतालों के आधुनिकीकरण, हर वर्ष निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और 25 लाख रुपये तक की पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने का भी वादा किया है.
बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को प्रति माह 3 हजार रुपये
घोषणापत्र में बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए प्रति माह 3,000 रुपये की पेंशन, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, भूमि स्वामित्व दस्तावेजों का नियमितीकरण और सभी घरों को 100 प्रतिशत पाइप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसे प्रावधान भी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में विजय की टीवीके बनी सबसे बड़ी पार्टी, बधाई देने पहुंचे ज्योतिष राधन पंडित, चुनाव से पहले दी थी सलाह
