Kerala Election Result: केरल बीजेपी के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर (Rajeev Chandrasekhar) ने सोमवार को दावा किया कि राज्य में उनकी पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के दो विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि नेमोम और चथन्नूर विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है. उन्होंने इसे पार्टी के लिए अहम उपलब्धि बताया है. चंद्रशेखर ने कांग्रेस और माकपा के उस दावे को खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि भाजपा को राज्य में एक भी सीट नहीं मिलेगी. उन्होंने कहा- नेमोम और चथन्नूर की जनता ने इन दावों का करारा जवाब दिया है और भाजपा-राजग के दो विधायक अब विधानसभा में होंगे.
मतगणना में बढ़त और चुनावी आंकड़े
निर्वाचन आयोग के अनुसार, कोल्लम जिले के चथन्नूर सीट पर भाजपा उम्मीदवार बीबी गोपकुमार 16 में से 14 चरणों की मतगणना के बाद 4,400 से अधिक मतों से आगे चल रहे थे. वहीं, नेमोम सीट पर Rajeev Chandrasekhar खुद 18 में से 14 चरणों की गिनती पूरी होने के बाद 4,100 से अधिक वोटों की बढ़त बनाए हुए थे.
माकपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चंद्रशेखर ने कहा कि यह चुनाव माकपा के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश है. उन्होंने आरोप लगाया कि लोग माकपा के भ्रष्टाचार और शबरीमला से जुड़े कथित सोने के गबन जैसे मुद्दों से नाराज थे.
Also Read: केरल चुनाव परिणाम 2023- UDF की बढ़त से इंदिरा भवन में जश्न, चांडी ओमन ने जीता चुनाव
