Tamil Nadu Liquor Shops Closed: तमिलनाडु में 10 और 11 सितंबर को शराब की दुकानें बंद रहने की सूचना मिलते ही दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थिति यह बन गई कि रात में शराब की दुकानों के बाहर हजारों लोग पहुंच गए. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को तैनात करना पड़ा.
सुरक्षा के लिए तैनात करनी पड़ी पुलिस बल
शराब की दुकानों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिए पुलिस टीम तैनात की गई. दो दिन दुकानें बंद रहने की सूचना मिलते ही लोग अधिक से अधिक मात्रा में स्टॉक करने की होड़ में लग गए.
क्यों बंद रखी जा रही हैं शराब की दुकानें?
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार इमैनुएल सेकरन गुरु पूजा और उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर यह फैसला लिया गया है. दिंडीगुल जिला कलेक्टर दुर्गा मूर्ति की ओर से जारी आदेश के अनुसार दिवंगत इमैनुएल सेकरन की 69वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 11 सितंबर को सभी प्रकार की शराब दुकानें बंद रहेंगी.
11 सितंबर को मनाई जाएगी इमैनुएल सेकरन की 69वीं पुण्यतिथि
दिंडीगुल जिला कलेक्टर ने अपने आदेश में कहा कि रामनाथपुरम जिले के परमकुडी में 11 सितंबर को दिवंगत इमैनुएल सेकरन की 69वीं पुण्यतिथि मनाई जा रही है. इसके चलते दिंडीगुल जिले में तमिलनाडु शराब लाइसेंस के तहत संचालित होने वाली एफएल 1 लाइसेंस प्राप्त टास्मैक (TASMAC) खुदरा दुकानें उनसे जुड़े बार तथा एफएल 2 और एफएल 3 लाइसेंस प्राप्त बिक्री स्थल बंद रहेंगे.
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला कलेक्टर दुर्गा मूर्ति ने सूचित किया है कि निर्धारित अवधि में शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. यदि कोई नियमों का उल्लंघन कर अवैध बिक्री करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: Weather Update: बंगाल की खाड़ी से बदलेगा मौसम का मिजाज, 10 से 12 सितंबर तक इन राज्यों में बारिश का जोर
