Tamil Nadu BJP: तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के राज्य सचिव अमर प्रसाद रेड्डी ने प्राथमिक सदस्यता और सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है. इसके साथ ही भाजपा के साथ उनका 13 साल का राजनीतिक सफर खत्म हो गया. अमर प्रसाद रेड्डी का इस्तीफा ऐसे समय में आया है, जब तमिलनाडु बीजेपी पहले से ही आंतरिक चुनौतियों का सामना कर रही है. पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई अपने नए राजनीतिक आंदोलन की शुरुआत कर चुके हैं और उनके समर्थन में भाजपा के कई नेता अपना इस्तीफा दे चुके हैं.
के. अन्नामलाई के बाद कई नेताओं ने छोड़ी पार्टी
5 जून को के. अन्नामलाई ने बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के साथ ही एक नए राजनीतिक दल के गठन की घोषणा की थी. उन्होंने कहा था कि उनका नया संगठन तमिलनाडु की राजनीति में एक वैकल्पिक राजनीतिक मंच के रूप में उभरेगा और आगामी चुनावों में भाग लेगा. अन्नामलाई की घोषणा के बाद बीजेपी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी से दूरी बनानी शुरू कर दी.
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष करुणा नागराजन ने भी 5 जून को पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था. उन्होंने कहा था कि वह अपने समर्थकों के साथ अन्नामलाई के नए राजनीतिक आंदोलन का समर्थन करेंगे. नागराजन ने अपने बयान में कहा था कि अन्नामलाई एक ऊर्जावान, साहसी और जनहित के मुद्दों को उठाने वाले नेता हैं, इसलिए उन्होंने उनके साथ जाने का फैसला किया है. भाजपा युवा मोर्चा की तमिलनाडु इकाई के कानूनी संयोजक अभिलाष गोपीनाथ ने भी पार्टी से किनारा कर चुके हैं.
अन्नामलाई के आंदोलन को मिल रहा जोरदार समर्थन
अन्नामलाई ने बीजेपी छोड़ने के बाद (5 जून) को अपने समर्थकों और स्वयंसेवकों को जोड़ने के लिए एक विशेष वेबसाइट लॉन्च की थी. लॉन्चिंग के कुछ घंटों के अंदर ही करीब 8.09 लाख लोग उससे जुड़ गये थे.
Also Read: परिमल नाथवानी का पर्चा वैध, कांग्रेसी मंत्रियों के विरोध के बाद दिल्ली में डेरा जमाएंगे विधायक
