Akhilesh Yadav On Samrat Choudhary: सम्राट चौधरी के NDA विधायक दल के नेता चुने जाने पर SP प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा – नीतीश कुमार की जगह कोई नहीं ले सकता. आम लोगों और पिछड़ों के बीच उनकी एक अलग ही छवि थी. उन्होंने बिहार में बहुत काम किया, और जब INDIA गठबंधन बनाने की बात आई, तो INDIA गठबंधन के सभी लोगों को खासकर हम समाजवादियों को यह उम्मीद थी कि हमारे साथ रहकर वह देश के प्रधानमंत्री बनेंगे. लेकिन BJP का खेल देखिए. अब वह प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे. सांसद बनने के बाद वह राज्यसभा सदस्य के तौर पर ही रिटायर होंगे.
सम्राट की ताजपोशी से पहले अखिलेश का ट्वीट वायरल
बिहार के नये मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण से पहले अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट किया है. जो इस समय चर्चा का विषय बन गया है. उन्होंने बिना नाम लिए बीजेपी पर हमला बोला. अखिलेश ने लिखा- वो साथी नहीं शातिर है जो आपको छोटा बना दे. जिसके हकदार हैं उससे नीचे की शपथ दिला दे.
कांग्रेस ने भी बीजेपी पर बोला हमला
कांग्रेस ने बिहार में बीजेपी के विधायक दल के नेता के तौर पर सम्राट चौधरी को चुने जाने के बाद हमला बोला है. दावा किया कि बीजेपी में मंत्री या मुख्यमंत्री के चयन के लिए प्रक्रिया के नाम पर नौटंकी होती है, क्योंकि नाम दो व्यक्ति पहले ही तय कर लेते हैं.
बीजेपी में लोकतंत्र नहीं : कांग्रेस
पूर्व सांसद उदित राज ने कहा, भाजपा में यह सब (नेता का चयन) नौटंकी होती है. कौन मंत्री बनेगा, कौन मुख्यमंत्री बनेगा, कौन पर्यवेक्षक बनेगा, इसको लेकर कई दिनों तक चर्चा होती है. यह सब नाटक है. भाजपा में लोकतंत्र नहीं है. उन्होंने दावा किया, जिसको बनाना होता है, उस बारे में दो व्यक्ति फैसला कर लेते हैं और आगे बाकी जो होता है, वो सब नौटंकी है.
ये भी पढ़ें: पहले भाषण में सम्राट चौधरी बोले- नीतीश कुमार से सीखा सुशासन, अब बिहार को समृद्ध बनाना मेरा लक्ष्य
