नवरात्रि के मौके पर छत्तीसगढ़ के खल्लारी माता मंदिर में रोपवे दुर्घटना

Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ में हुई रोपवे ट्रॉली दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुख व्यक्त किया और दुर्घटना के जांच के आदेश दिए हैं.

Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में हुई दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि छह लोगों के घायल होने की सूचना है. घटना उस समय हुई जब महासमुंद के पहाड़ी पर स्थित मंदिर से नीचे उतरते समय रोपवे ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस दुर्घटना की जानकारी अधिकारियों ने दी.जिस वक्त दुर्घटना हुई ट्रॉली पर सात लोग सवार थे.बागबाहरा की उपमंडल मजिस्ट्रेट नमिता मारकोले ने बताया कि हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ.

ट्रॉली का केबल टूटने से हुई दुर्घटना

महासमुंद के अधिकारियों ने बताया कि ट्रॉली का केबल टूटने से दुर्घटना हुई है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख व्यक्त किया और इसकी विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं. विष्णु देव साय ने एक्स पर एक पोस्ट लिखा कि महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोपवे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है. दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है. मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें.

200 से 300 फुट की ऊंचाई से नीचे गिरी ट्रॉली

अधिकारियों के अनुसार ट्रॉली करीब 200 से 300 फुट की ऊंचाई से नीचे गिरी.घटना नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव के दौरान बागबाहरा तहसील के खल्लारी (भीमखोज) गांव स्थित खल्लारी माता मंदिर में हुई.लगभग 1,100 फुट की ऊंचाई पर स्थित इस पहाड़ी मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु आमतौर पर रोपवे सेवा का उपयोग करते हैं, जबकि करीब 900 सीढ़ियां चढ़कर भी मंदिर तक पहुंचा जा सकता है.

एसडीएम ने बताया कि रायपुर निवासी आयुषी सतकार (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति ऋषभ धवरे और रिश्तेदार छायांश धवरे समेत छह लोग घायल हो गए. घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चार को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया. हादसे के बाद, करीब 10 यात्रियों को लेकर ऊपर जा रही एक अन्य ट्रॉली को तुरंत नीचे लाया गया. अधिकारियों ने बताया कि उसमें सवार यात्रियों को तेज झटका जरूर लगा, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है.

ये भी पढ़ें : जहाजों पर काम करने वाले कर्मचारियों के यूनियन का दावा–होर्मुज स्ट्रेट में फंसे हैं 23 हजार भारतीय

ट्रंप की धमकी के बाद ईरान का आश्वासन, दुश्मनों के अलावा सभी देशों के जहाज होर्मुज स्ट्रेज से गुजरेंगे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajneesh Anand

राजनीति,सामाजिक, इतिहास, खेल और महिला संबंधी विषयों पर गहन लेखन किया है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में रुचि. इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक. IM4Change, झारखंड सरकार तथा सेव द चिल्ड्रन के फेलो के रूप में कार्य किया है. पत्रकारिता के प्रति जुनून है. प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >