विपक्ष के 'INDIA' में दरार! बोली अरविंद केजरीवाल की पार्टी 'आप'- एमपी में सभी सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

'आप' प्रभारी बीएस जून ने दावा किया कि ‘परिवर्तन यात्रा’ के दौरान लोगों का आम आदमी पार्टी के प्रति एक जुड़ाव दिख रहा है और हमें अपार जनसमर्थन मिल रहा है. उन्होंने कहा कि हम सभी 230 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे.

इस साल मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इसको लेकर भाजपा और कांग्रेस तैयारी में जुट चुकी है. इस बीच खबर आ रही है कि पिछले दिनों विपक्ष की बैठक में शामिल हुए अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) के मध्य प्रदेश में सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. इस बाबत प्रदेश में ‘आप’ के प्रभारी बीएस जून ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी इस साल के अंत में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जल्द ही प्रत्याशियों के नामों की सूची हमारी ओर से जारी कर दी जाएगी.

बीएस जून प्रेस कॉन्फ्रेंस करके उक्त जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी पूरी मुस्तैदी से चुनाव की तैयारी में जुटी है. प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर हम चुनाव लड़ेंगे और चुनाव जीतेंगे. प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया जारी है. जल्द ही प्रत्याशियों के नामों की सूची भी जारी कर दी जाएगी. प्रत्याशी चयन में सिर्फ सर्वेक्षण ही टिकट देने का मापदंड होगा. मध्य प्रदेश के हर जिले में हम ‘परिवर्तन यात्रा’ निकाल रहे हैं जिसका समापन चार अगस्त को होगा.

मध्य प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी की सुविधाएं देंगे

आगे ‘आप’ प्रभारी बीएस जून ने दावा किया कि ‘परिवर्तन यात्रा’ के दौरान लोगों का आम आदमी पार्टी के प्रति एक जुड़ाव दिख रहा है और हमें अपार जनसमर्थन मिल रहा है. उन्होंने कहा कि जनता मध्य प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस का विकल्प चाहती है और उसे ‘आप’विकल्प के तौर पर दिख रही है. दिल्ली से आप के विधायक जून ने कहा कि मध्य प्रदेश में हम बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में जनता ‘आप’ के साथ है और पार्टी की मध्य प्रदेश में सरकार बनेगी. सरकार बनने के बाद दिल्ली की तरह ही मध्य प्रदेश में हम शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी की सुविधाएं लोगों को देंगे.

Also Read: MP Election 2023 : प्रियंका गांधी के वार से बौखलाए ज्योतिरादित्य सिंधिया? कांग्रेस पर किया करारा प्रहार

मध्य प्रदेश में चारों ओर अराजकता का माहौल

मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में चारों ओर अराजकता का माहौल है. प्रदेश में भ्रष्टाचार के हर रोज नये-नये मामलों का खुलासा हो रहा है. जून ने कहा कि ‘‘बच्चों की ड्रेस में घोटाला, पोषण आहार में घोटाला, महाकाल लोक निर्माण में घोटाला, पटवारी भर्ती परीक्षा में घोटाला….भाजपा के राज में मध्य प्रदेश घोटालों का प्रदेश बन गया है. जून ने आरोप लगाया कि ‘‘मध्य प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था पूरी तरह से खत्म है. सरकार का अधिकारियों और प्रशासनिक तंत्र से नियंत्रण खत्म हो गया है.

अरविंद केजरीवाल का मध्य प्रदेश से वादा

आपको बता दें कि जुलाई के पहले सप्ताह में केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के गृहजिला ग्वालियर में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संरक्षक अरविंद केजरीवाल ने एक जनसभा को संबोधित किया था. इसमें उन्होंने मध्य प्रदेश की जनता से छह वादे किये थे. ग्वालियर के चंबल संभाग में चुनावी बिगुल फूंकते हुए अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन के दौरान कहा था कि यहां की जनता भ्रष्टाचार से काफी परेशान है. देश में सबसे अधिक महंगी बिजली मध्य प्रदेश में ही मिलती है. उन्होंने कहा कि मैं मध्य प्रदेश के लोगों से छह वादे करता हूं. यहां पर अगर हमारी सरकार बनी, तो मध्य प्रदेश के लोगों को फ्री में चौबीसों घंटे बिजली, फ्री में पानी, फ्री में शिक्षा, फ्री में चिकित्सा, महिलाओं को फ्री में यात्रा सुविधा और बुजुर्गों को फ्री में तीर्थयात्रा कराएंगे.

Also Read: Old Pension Scheme: मध्य प्रदेश में लागू होगी पुरानी पेंशन स्कीम ? कांग्रेस ने बनाया चुनावी मुद्दा

लड़ाई एनडीए और ‘INDIA’ के बीच

बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक में आम आदमी पार्टी के नेता और संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे. इस बैठक के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि बैठक में बहुत कुछ अच्छा निकलकर आया है. हमारी लड़ाई बीजेपी की विचारधारा और उनके सोच के खिलाफ है. देश में बेरोजगारी है, देश का पूरा धन चुने हुए लोगों के हाथ में जा रहा है, हम इसका विरोध कर रहे है. बैठक के दौरान भी यह चर्चा हुई कि लड़ाई किसके बीच है. लड़ाई सत्ता और विपक्ष के बीच नहीं है. देश की आवाज के लिए है, इसलिए यह नाम चुना गया है. आगे कांग्रेस नेता ने कहा कि यह लड़ाई एनडीए और ‘INDIA’ के बीच में है. ऐसे में हम सब मिलकर काम करेंगे और इस लड़ाई को लड़ेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >