रेवंत रेड्डी होंगे तेलंगाना के सीएम, तमाम अटकलों पर लगा विराम, बोले वेणुगोपाल- 'वन मैन शो नहीं एक टीम होगी'

कांग्रेस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए संगठन मंत्री केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में यह तय किया गया कि रेवंत रेड्डी को प्रदेश की कमान सौंपी जाएगी. इसी के साथ वेणुगोपाल ने कहा कि तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 7 दिसंबर को होगा.

Telangana CM Revanth Reddy: तेलंगाना के अगले मुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी होंगे. कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के इस ऐलान के बाद तमाम अटकलों पर विराम लग गया. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आज यानी मंगलवार को साफ कर दिया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने तेलंगाना विधायक दल के नए सीएलपी के रूप में रेवंत रेड्डी के साथ जाने का फैसला किया है. इसी के साथ वेणुगोपाल ने कहा कि तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 7 दिसंबर को होगा. रेवंत रेड्डी के नाम की घोषणा से कुछ देर पहले तक कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के पूर्व अध्यक्ष और विधायक एन उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा था कि वह भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं.

केसी वेणुगोपाल ने किया ऐलान
कांग्रेस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए संगठन मंत्री केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में यह तय किया गया कि रेवंत रेड्डी को प्रदेश की कमान सौंपी जाएगी. वहीं, जब कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में रेवंत रेड्डी के नाम की घोषणा की, तो उनके साथ उत्तम कुमार रेड्डी भी मौजूद थे. वेणुगोपाल ने कहा कि विधायक दल के नेता का फैसला करने के लिए कल कांग्रेस विधायक दल की बैठक हैदराबाद में बैठक हुई थी. उस बैठक में पर्यवेक्षक मौजूद थे. विधायक दल ने एक प्रस्ताव पारित कर विधायक दल का नेता चुनने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत किया था.

रेवंत रेड्डी के नाम पर लगी मुहर
केसी वेणुगोपाल ने बताया कि आज यानी मंगलवार को प्रदेश प्रभारी माणिक राव ठाकरे और कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री एवं पर्यवेक्षक डीके शिवकुमार ने खरगे को रिपोर्ट सौंपी. इस रिपोर्ट पर विचार करने और वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने यह फैसला किया कि रेवंत रेड्डी विधायक दल के नेता होंगे.  उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं. चुनाव जीतने में उनकी अहम भूमिका रही है. केसी वेणुगोपाल ने कहा कि रेवंत बहुआयामी नेता हैं और उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनाव में पूरी ताकत से प्रचार किया. उन्होंने कहा कि इस नयी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता तेलंगाना के लोगों की आकांक्षाओं और पार्टी द्वारा दी गई गारंटी को पूरा करना है.

वन मैन शो नहीं एक टीम होगी- केसी वेणुगोपाल
संगठन मंत्री केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह वन मैन शो नहीं होगा, यह एक टीम होगी. कांग्रेस एक टीम के साथ आगे बढ़ेगी. गौरतलब है कि रेवंत सीएम की दौड़ में सबसे आगे थे उनके नाम मुख्यमंत्री पद के लिए पहले से ही लगभग तय माना जा रहा था. यहीं नहीं तेलंगाना विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत का श्रेय भी रेवंत को ही दिया जा रहा है.

भाषा इनपुट से साभार

Also Read: राजस्थान का सीएम कौन..? रेस में हैं ये पांच नाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >