राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने 7 उम्मीदवारों का किया ऐलान, खरगे और पवन खेड़ा को टिकट

Rajya Sabha Election: कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को एक बार फिर कर्नाटक से मैदान में उतारा गया है, जबकि पवन खेड़ा पहली बार चुनाव लड़ेंगे. पार्टी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और झारखंड के लिए भी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है.

Rajya Sabha Election: कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार (4 जून) को अपने सात उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. पार्टी ने कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और झारखंड से अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का नाम उम्मीदवारों की सूची में शामिल है. कांग्रेस की ओर से जारी सूची के अनुसार, कर्नाटक से मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को उम्मीदवार बनाया गया है. खरगे वर्तमान में भी कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य हैं और उच्च सदन में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं. वहीं, पवन खेड़ा पहली बार किसी सदन के लिए चुनावी मैदान में उतर रहे हैं.

मंसूर अली खान पूर्व केंद्रीय मंत्री के रहमान खान के बेटे हैं और लंबे समय से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी में विभिन्न भूमिकाओं में सक्रिय रहे हैं. पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने बेंगलुरु सेंट्रल सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.

एमपी से मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस उम्मीदवार

मध्य प्रदेश से कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया है. नटराजन फिलहाल पार्टी की तेलंगाना प्रभारी हैं. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का राज्यसभा कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है. हालांकि, उन्होंने पहले ही राज्यसभा नहीं जाने की अपनी इच्छा जाहिर कर दी थी. वहीं राजस्थान से पार्टी ने मौजूदा राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है.

तमिलनाडु से कांग्रेस ने प्रवीण चक्रवर्ती को टिकट दिया है. वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ‘प्रोफेशनल कांग्रेस’ और प्रौद्योगिकी एवं डेटा विभाग के प्रमुख हैं. कांग्रेस ने झारखंड से अपने राष्ट्रीय सचिव प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है.

18 जून को होगा चुनाव

संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा की 24 सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होगा. इन सीटों पर चुनाव उन 10 राज्यों में कराए जाएंगे, जहां मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तिथियों पर समाप्त हो रहा है. राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीटों, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीटों, झारखंड की दो सीटों तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट पर होंगे. इन चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है.

Also Read: राज्यसभा चुनाव: बीजेपी ने की उम्मीदवारों की घोषणा, तरुण चुघ, सतीश पूनिया समेत इन चेहरों को मिला मौका

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >