Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश हो सकती है. आईएमडी के मुताबिक अगले हफ्ते एक साथ तीन-तीन पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है. इसके प्रभाव से आने वाले 7 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक कश्मीर घाटी में 22 और 23 जनवरी को और हिमाचल प्रदेश में 23 जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना है. वहीं उत्तर-पश्चिमी भारत के आस पास के मैदानी इलाकों में 22 से 25 जनवरी के दौरान छिटपुट से लेकर हल्की बारिश हो सकती है.
बारिश और बर्फबारी की संभावना
आईएमडी के अनुसार 19, 21 और 22 जनवरी को उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना है. 23 और 24 जनवरी को कुछ इलाकों पर भारी बारिश या बर्फबारी की मौसम विभाग ने संभावना जताई है. इसके अलावा 22 से 24 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 22 और 23 जनवरी को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से इस सप्ताह राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. विभाग के मुताबिक राज्य के कुछ हिस्सों में 22 से 24 जनवरी के दौरान एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और मावठ की बारिश होने की पूरी संभावना है. वहीं एक और पश्चिमी विक्षोभ 26 से 28 जनवरी के दौरान प्रभावी होगा. मौसम विभाग ने कहा कि 22 जनवरी को जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 23 जनवरी को बीकानेर, शेखावाटी, जयपुर, अजमेर, भरतपुर के कुछ भागों में भी आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
कश्मीर में अधिकतर स्थानों पर तापमान में गिरावट
कश्मीर में अधिकांश इलाकों पर न्यूनतम तापमान (Minimum Temperature) में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि इस सप्ताह घाटी में बारिश और बर्फबारी के नए दौर की संभावना है. स्थानीय मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 24 जनवरी और 26 से 28 जनवरी के दौरान एक के बाद एक आने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर को प्रभावित कर सकते हैं. इसके कारण कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना है. वहीं, कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी हो सकती है. पश्चिमी विक्षोभ का सबसे अधिक प्रभाव 23 और 27 जनवरी को देखने को मिल सकता है.
कई इलाकों में शीतलहर के साथ जमेगा घना कोहरा
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में कोल्ड वेव और कोहरे का प्रकोप जारी रह सकता है. विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में 22 जनवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 20 और 21 जनवरी को शीतलहर चलने की बहुत संभावना है. हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 23 जनवरी को जोरदार ठंड की काफी संभावना है. उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 20 और 21 जनवरी को पाला पड़ने की काफी संभावना है.
