Rain Warning: दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी रह सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 30 मार्च और 4 अप्रैल को मौसम का मूड सबसे ज्यादा खराब रह सकता है, खास कर कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर दिखाई दे सकता है. यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 30 मार्च 2026 को उत्तर-पश्चिम भारत में 31 मार्च 2026 को मध्य और पूर्वी भारत में और 30-31 मार्च प्रायद्वीपीय भारत में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की आशंका है. वहीं इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत और उससे सटे पूर्वी भारत में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर काफी भारी बारिश होने की संभावना है.\
पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 30 और 31 मार्च को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड) में गरज, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवा चल सकती है. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं मूसलाधार बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 30 और 31 मार्च को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान बारिश की संभावना है. इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटा की गति वाली तेज हवा भी चल सकती है.
असम से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक तेज बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत में 30 मार्च से 3 अप्रैल के दौरान काफी बड़े इलाके में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. साथ ही गरज-चमक और 30 से 50 kmph की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. आईएमडी के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश में 31 मार्च और 1 अप्रैल को जोरदार बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में 30 मार्च से 1 अप्रैल, त्रिपुरा में 30 और 31 मार्च को कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है.
बंगाल, बिहार, झारखंड-ओडिशा में बारिश और तेज हवा की चेतावनी
मौसम विभाग ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 30 मार्च से 2 अप्रैल के दौरान काफी बड़े इलाके में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है. साथ ही गरज-चमक और तेज हवाए चलने का अनुमान जाहिर किया है. हवा की गति 30 से 50 kmph तक रहने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक झारखंड में 30, 31 मार्च और 2-3 अप्रैल को मौसम बिगड़ सकता है. वहीं, ओडिशा में 30 मार्च से 3 अप्रैल के दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, साथ ही गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती है.
एमपी और छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना
अगले 5 दिनों के दौरान मध्य भारत में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक हवा की गति 30 से 50 kmph रह सकती है. 30 मार्च को पश्चिमी मध्य प्रदेश, 31 मार्च और 1 अप्रैल को विदर्भ और 30 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है.
केरल, आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना कर्नाटक में बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 30 और 31 मार्च को केरल और माहे में बारिश की चेतावनी जारी की है. 30 मार्च से 3 अप्रैल के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में बारिश हो सकती है. 30 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान रायलसीमा में भी बारिश की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक 30-31 मार्च और 3 अप्रैल तक तमिलनाडु, केरल और माहे, तटीय कर्नाटक में बिजली चमकने के साथ, कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, गरज और 30 से 50 kmph की सफ्तार से तेज हवा चल सकती है. कहीं-कही हवा की गति बढ़कर 60 kmph तक पहुंच सकती है.
Also Read: Kolkata Weather: पश्चिम बंगाल के मौसम में बदलाव के संकेत, कई जिलों में अलर्ट जारी
