पुणे में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सामने आए वीडियो में कार्यक्रम स्थल पर मंच और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं तैयार दिखाई दे रही हैं. मैदान में राहुल गांधी के पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. इसे देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पुलिस और सुरक्षा कर्मी मौके पर तैनात हैं.
SSPMS कॉलेज मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. यह मैदान राहुल गांधी के लिए नया नहीं है. 2024 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्होंने इसी जगह एक बड़ी जनसभा को संबोधित की थी. अब एक बार फिर राहुल गांधी इसी मैदान पर छात्रों के बीच पहुंचेंगे और उनसे संवाद करेंगे.
कार्यक्रम में केवल महिलाएं शामिल होंगी
22 अगस्त को शाम 5 बजे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. यह देशभर में उनकी संवाद श्रृंखला का चौथा कार्यक्रम होगा. खास बात यह है कि इस बार कार्यक्रम में केवल महिलाएं ही शामिल होंगी. महाराष्ट्र प्रदेश यूथ कांग्रेस की नेता शिवानी वडेट्टीवार ने कहा कि सावित्रीबाई फुले की धरती पुणे सिर्फ शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि महिला शिक्षा का भी बड़ा केंद्र है. उन्होंने कहा कि आम तौर पर जेंडर-न्यूट्रल कार्यक्रमों में पुरुषों की संख्या ज्यादा रहती है. इसलिए राहुल गांधी ने इस बार महिलाओं से सीधे संवाद करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है.
ये भी पढ़ें: पुणे: राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले बवाल, ABVP-NSUI भिड़े, 50-60 कार्यकर्ताओं पर केस
राहुल गांधी के पुणे दौरे से पहले कांग्रेस ने 19 अगस्त को फर्ग्यूसन कॉलेज रोड पर एक म्यूजिक कॉन्सर्ट का आयोजन किया था. इसी सड़क पर राहुल गांधी का एक बड़ा कटआउट भी लगाया गया. महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस के मीडिया और कम्युनिकेशन चेयरमैन अक्षय जैन ने कहा कि उस कार्यक्रम में भी गैर-राजनीतिक महिलाओं का अच्छा समर्थन देखने को मिला था. उन्होंने इसे महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का संकेत बताया.
किसी सड़क को बंद नहीं किया जाएगा
राहुल गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए पुणे ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि किसी सड़क को बंद नहीं किया जाएगा. हालांकि, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अलग-अलग जगहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे.
