Punjab Election 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) ने चुनाव आयोग (Election Commission of India) को धन्यवाद दिया है. वहीं, पंजाब प्रदेश कांग्रेस (Punjab Congress) के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) ने कहा है कि जब किसी धर्म के लोग एक साथ मिलकर कोई मांग करते हैं, तो चुनाव आयोग को भी उनकी बात सुननी पड़ती है.
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि पंजाब की जनता की मांग पर चुनाव आयोग ने चुनाव की तारीखों को बदल दिया है. यह पंजाब के लोगों का सम्मान है. जनता की आवाज का सम्मान है. इससे पहले, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Punjab CM Charanjit Singh Channi) ने रविदास जयंती (Ravidas Jayanti) पर होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव को रद्द (Punjab Election Postponed) कर इसकी नयी तारीखों (Punjab Election Date Changed) के ऐलान के लिए उनका धन्यवाद दिया है.
चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि भारत के निर्वाचन आयोग को मैंने चिट्ठी लिखी थी. मैंने चुनाव आयोग से आग्रह किया था कि वह पंजाब में 14 फरवरी 2022 को होने वाले चुनाव को टाल दे, क्योंकि उस दिन गुरु रविदास की जयंती है. उस दिन पंजाब के लोग बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के वाराणसी जाते हैं. अगर इस बार भी लोग वहां गये, तो 14 फरवरी को बहुत से मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से वंचित रह जायेंगे.
चरणजीत सिंह चन्नी के आग्रह के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी चुनाव आयोग से यही आग्रह किया. दो बड़ी राजनीतिक पार्टियों की अपील पर चुनाव आयोग ने पंजाब में मतदान की तारीख बदलने का फैसला किया. रविवार को कांग्रेस और भाजपा की ओर से की गयी अपील के बाद आयोग ने सोमवार को पंजाब में वोटिंग की तारीख बदलने का ऐलान कर दिया.
पंजाब में 14 फरवरी को विधानसभा चुनाव होना था. अब यहां 20 फरवरी को मतदान कराये जायेंगे. चुनाव आयोग ने 8 फरवरी को पंजाब समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था. पंजाब के अलावा उत्तर प्रदेश, मणिपुर, उत्तराखंड और गोवा में भी चुनाव कराये जाने हैं. उत्तराखंड और गोवा में 14 फरवरी को वोटिंग होगी. उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी से 7 मार्च तक 7 चरणों में चुनाव कराये जायेंगे.
सभी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना 10 मार्च को होगी. चुनाव आयोग ने उत्तराखंड, गोवा और पंजाब में 14 फरवरी 2022 को चुनाव कराने का ऐलान किया था. मणिपुर में दो चरणों में जबकि उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में चुनाव होने हैं. पंजाब में इस वक्त कांग्रेस पार्टी की सरकार है. यहां की 117 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस, अकाली दल, आम आदमी पार्टी और भाजपा-कैप्टन अमरिंदर सिंह गठबंधन के बीच मुकाबले के आसार हैं.
Posted By: Mithilesh Jha
