Parliament Session: NEET, राम मंदिर मुद्दे पर खरगे ने पीएम मोदी पर बोला हमला, कहा- कहां गई आपकी 56 इंच की छाती
Parliament Session : संसद का मानसून सत्र सोमवार (20 जुलाई) से शुरू हो चुका है और पहले ही दिन सरकार और विपक्ष के बीच टकराव की स्थिति देखने को मिली. विपक्ष सोनम वांगचुक के अनशन, NEET-UG पेपर लीक, SIR, महंगाई और राम मंदिर चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने में लगा है, जबकि सरकार भी अपने एजेंडे के साथ जवाब देने के लिए तैयार है. लोकसभा और राज्यसभा के पल-पल के अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें.

संसद का मानसून सत्र (File Photo)
डिंपल यादव ने सरकार पर बोला हमला, कहा- निहत्थे छात्रों पर किया गया हमला
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, "आज का दिन हमारे देश के लोकतंत्र के लिए सचमुच दुर्भाग्यपूर्ण रहा है. मेरा मानना है कि इसे एक काले दिन के तौर पर याद किया जाएगा. आज जो छात्र आए थे, वे निहत्थे थे. उनके पास अपने बैग के अलावा कुछ नहीं था क्योंकि वे अपने अधिकारों के लिए लड़ना चाहते थे. वे पूरे सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार, NEET परीक्षा रद्द होने, पेपर लीक और पैसों के लेन-देन से छात्रों का भविष्य बर्बाद होने जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखना चाहते थे. वे अपनी आवाज उठाने के लिए दिल्ली आए थे. पुलिस का बर्ताव, लाठीचार्ज और छात्रों पर इलेक्ट्रिक शॉक का इस्तेमाल - ये सब बहुत डरावना था. कई युवतियों ने आरोप लगाया कि पुलिस कॉन्स्टेबलों ने उनके कपड़े फाड़ दिए. अधिकारियों ने नेमप्लेट नहीं पहनी हुई थी. सादे कपड़ों में अधिकारी छात्रों पर लाठीचार्ज क्यों कर रहे थे?"
पेपर लीक करने वाले बड़े-बड़े माफिया फल-फूल रहे हैं : दीपेंद्र सिंह हुड्डा
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “कांग्रेस पार्टी शुरू से ही यह मुद्दा उठाती रही है. आज देश के युवाओं और छात्रों का शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था से भरोसा उठ गया है. पेपर लीक करने वाले बड़े-बड़े माफिया फल-फूल रहे हैं, फिर भी जिन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. जैसे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान. वे संतोषजनक जवाब देने में असमर्थ हैं.”
मोदी सरकार ने छात्रों की जिंदगी बर्बाद कर दी: खरगे
खरगे ने पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा- लाखों छात्र परेशान हैं, उन्होंने अपने घर छोड़ दिए हैं और पूरी तरह बर्बाद हो रहे हैं. उनकी जिंदगी बर्बाद करने के लिए कौन जिम्मेदार है? मोदी सरकार और खुद पीएम मोदी. वे अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए ही ऐसा करते हैं. किसी भी प्रधानमंत्री को इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए. हर प्रधानमंत्री समस्याओं को हल करने की बात करता है, न कि ऐसी बातें करता है जिनका बाद में मजाक बने. मैं इस बयान की निंदा करता हूं, और पीएम मोदी को भविष्य में ऐसी टिप्पणियां करने से बचना चाहिए. जब तक वे सत्ता में रहेंगे, देश में खुशहाली नहीं आएगी. खुशहाली तभी आएगी जब वे चले जाएंगे."
खरगे बोले- पीएम मोदी का एकमात्र काम दूसरों पर ताने कसना
पीएम मोदी के भाषण पर राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "पीएम मोदी का एकमात्र काम दूसरों पर ताने कसना और व्यंग्य करना है. पहले जनता के सामने अपनी विश्वसनीयता साबित करें. आपकी वह '56 इंच की छाती' कहां गई? आज आप दूसरों की आलोचना करते हैं, लेकिन मैं पूछता हूं: आपने वास्तव में देश के लिए क्या किया है? आपने अपने समर्थकों से ट्रस्ट बनाने को कहा ताकि वे चोरी कर सकें, और अब वे धड़ल्ले से चोरी कर रहे हैं. आपने कानून बनाए और राम मंदिर ट्रस्ट के लिए लोगों को नामित किया, और आपके अपने लोग ही इसमें शामिल हैं.
लोकसभा भी आज पूरे दिन के लिए स्थगित
विपक्ष के भारी हंगामे के कारण अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया. 21 जुलाई को सुबह 11 बजे फिर से सदन की कार्यवाही शुरू होगी.
राज्यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित
विपक्ष के भारी हंगामे की वजह से राज्यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई. अब 21 जुलाई को सुबह 11:00 बजे फिर से बैठक होगी.
संसद सरकार का नोटिस बोर्ड नहीं हो सकती: थरूर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने अयोध्या में राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी और नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक जैसे मुद्दों को लेकर सोमवार को सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि संसद विधेयकों की जानकारी देने और उन्हें पारित कराने के लिए सरकार का नोटिस बोर्ड नहीं हो सकती.
लोकसभा में लगे नारे- धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो
लोकसभा में सोमवार को कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और उससे जुड़े विवाद में छात्रों की मौत का मुद्दा जोर-शोर से उठाया. कांग्रेस सांसदों ने इन छात्रों को श्रद्धांजलि देने की भी मांग की. हंगामे के बीच कई सांसद नारे लगाते हुए स्पीकर की सीट के पास पहुंच गए. इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनसे शांत रहने और सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि नारेबाजी से नहीं, बल्कि तर्क और चर्चा से बात रखनी चाहिए.लेकिन जब हंगामा नहीं रुका तो करीब 12 मिनट बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई. दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर विपक्ष ने फिर 'न्याय दो' और 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारे लगाए.
मानसून सत्र से पहले प्रधानमंत्री ने फिर से घिसी-पिटी बातें कीं: कांग्रेस
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद के मानसून सत्र से पहले दिए गए संबोधन पर निशाना साधा है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पीएम ने एक बार फिर वही पुरानी बातें दोहराईं, लेकिन राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी, NEET-UG पेपर लीक और विपक्षी दलों को तोड़ने के आरोप जैसे अहम मुद्दों पर कुछ नहीं कहा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने लोकतंत्र और संविधान के संघीय ढांचे को कमजोर करने से जुड़े सवालों पर भी चुप्पी साधे रखी.
लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित
विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सांसदों के जोरदार हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बार-बार बाधित हुई. तीन बार स्थगित करने के बाद भी सदन में व्यवस्था नहीं बन सकी, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही आखिरकार दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
राज्यसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित
विपक्ष के जोरदार हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही बार-बार बाधित हुई. विभिन्न मुद्दों पर विरोध जारी रहने के बीच सदन की बैठक तीन बार स्थगित करनी पड़ी. आखिरकार राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया
जंतर-मंतर पर CJP के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन को लेकर विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया. लगातार शोर-शराबे और नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही नहीं चल सकी. इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12:50 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
लोकसभा में फिर हंगामा
12 बजे लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई. इसके बाद NEET पेपर लीक और राम मंदिर चढ़ावे चोरी के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने लोकसभा में जोरदार हंगामा किया. लगातार नारेबाजी और विरोध के चलते सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी. इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
मल्लिकार्जुन खरगे ने NEET परीक्षा का मुद्दा उठाया
राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने NEET परीक्षा का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों की वजह से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. खरगे ने दावा किया कि हजारों छात्र अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं और उन पर लाठीचार्ज भी किया गया.
लोकसभा में हंगामा
विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही सोमवार दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. हंगामा कर रहे सांसदों से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपनी सीट पर बैठने और सदन की कार्यवाही चलाने में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि कृपया अपनी-अपनी सीट पर बैठें और सदन को सुचारु रूप से चलने दें.
देश में हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत भी एक बड़ी उपलब्धि : पीएम मोदी
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत भी एक बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट की वजह से भारत को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद देश की विकास दर 7.7 फीसदी बनी हुई है.
मानसून और संसद सत्र दोनों लाभकारी होंगे: पीएम मोदी
संसद के मानसून सत्र में शामिल होने प्रधानमंत्री मोदी पहुंच चुके हैं. संसद के मानसून सत्र की शुरुआत पर प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे अच्छी बारिश देश के लिए फायदेमंद होती है, वैसे ही अगर संसद का मानसून सत्र भी सकारात्मक और कामकाज से भरपूर रहे, तो इसका लाभ पूरे देश को मिलेगा. उन्होंने कहा कि जब बारिश अच्छी होती है तो लोगों और प्रकृति का भला होता है. उसी तरह अगर संसद में सार्थक चर्चा हो और ज्यादा से ज्यादा काम हो, तो देश का विकास तेज होगा और आम लोगों का भी भला होगा. इसलिए सभी को मिलकर इस सत्र को सफल और उपयोगी बनाना चाहिए.
मानसून सत्र के लिए संसद पहुंचे पीएम मोदी
संसद के मानसून सत्र में शामिल होने प्रधानमंत्री मोदी पहुंच चुके हैं.
राम मंदिर और नीट परीक्षा पर हो सकता है हंगामा
कांग्रेस के कई सांसदों ने सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े विषय और नीट परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक के मामले पर अविलंब चर्चा की मांग करते हुए कार्यस्थगन नोटिस दिए. लोकसभा में कांग्रेस के सचेतक माणिकम टैगोर ने नीट परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक का मुद्दा उठाते हुए चर्चा की मांग की.
कांग्रेस ने अपने लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले कांग्रेस ने अपने लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई है. यह बैठक सुबह 10:30 बजे संसद स्थित कांग्रेस संसदीय दल (CPP) कार्यालय में होगी. इसमें विपक्षी दलों की फ्लोर लीडर्स की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी सांसदों को दी जाएगी और सदन में आगे की रणनीति पर चर्चा होगी.
मानसून सत्र के लिए फिलहाल आठ विधेयक तय किए गए
सर्वदलीय बैठक में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि मानसून सत्र के लिए फिलहाल आठ विधेयक तय किए गए हैं. अगर इसके अलावा कोई और बिल लाया जाता है, तो उसकी जानकारी पहले कार्य मंत्रणा समिति में दी जाएगी और सभी राजनीतिक दलों को भी बताया जाएगा. उन्होंने विपक्ष समेत सभी दलों से अपील की कि वे सरकार के लाए गए विधेयकों पर सार्थक चर्चा करें और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग दें.
संसद में विपक्ष मुद्दों के साथ तैयार
सत्र शुरू होने से एक दिन पहले (19 जुलाई) हुई सर्वदलीय बैठक में सरकार और विपक्ष कई मुद्दों पर आमने-सामने नजर आए. विपक्ष ने अयोध्या राम मंदिर के कथित चढ़ावा घोटाले, NEET पेपर लीक, मणिपुर, किसानों, एथनॉल नीति और चुनाव आयोग के कामकाज जैसे मुद्दों पर चर्चा की मांग की. वहीं, सरकार ने सभी दलों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग देने की अपील की.
तृणमूल के बागी सांसदों के लिए बैठने की व्यवस्था में बदलाव
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 20 बागी सांसदों के लिए लोकसभा में अलग बैठने की व्यवस्था की है. इसके लिए उन्हें नई सीटें दी गई हैं. इस बदलाव के कारण कुछ दूसरे सांसदों की सीटें भी बदली गई हैं. अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया में कुल 39 सांसदों को नई सीटें आवंटित की गई हैं.
Parliament Session: NEET, राम मंदिर मुद्दे पर खरगे ने पीएम मोदी पर बोला हमला, कहा- कहां गई आपकी 56 इंच की छाती
संसद के मानसून सत्र से पहले रविवार (19 जुलाई) को संसद भवन में सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मॉक ड्रिल की गई. इस दौरान सीआईएसएफ, दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ, एनएसजी, एनडीआरएफ और संसद के सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर अभ्यास किया. इसका मकसद किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों को परखना था.