Parliament Session Live : परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाले विधेयक पर सत्तापक्ष और विपक्ष में बनी सहमति, कल चर्चा की संभावना

Photo : X
NEET परीक्षा विवाद को लेकर सरकार कई कदम उठा रही है. 27 जुलाई को सत्र के दौरान सरकार की ओर से पेपर लीक बिल पेश किया गया. CJP ने अपनी मांगें माने जाने के बाद आंदोलन खत्म कर दिया है, लेकिन विपक्ष सरकार को संसद में लगातार घेर रहा है. संसद सत्र की हर अपडेट के लिए बने रहें प्रभात खबर के साथ.
राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित, विपक्ष का नहीं थम रहा हंगामा
नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक सोमवार को चार बार के स्थगन के बाद शाम पांच बज कर पंद्रह मिनट पर मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाले विधेयक पर सत्तापक्ष और विपक्ष में सहमति
पीटीआई की खबर के अनुसार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाले विधेयक पर सत्तापक्ष और विपक्ष में सहमति बन गई है. कल 28 जुलाई को चर्चा शुरू होने की उम्मीद की जा रही है.
राज्यसभा में हंगामा जारी, संसदीय कार्य मंत्री ने विपक्ष पर लगाया सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप
राज्यसभा में भी विपक्ष का हंगामा जारी है. विपक्ष छात्रों के खिलाफ कार्रवाई और हिंसा पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जवाब चाहते हैं. इधर संसदीय कार्य मंत्री ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया है.
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
विपक्ष के लगातार हंगामे को देखते हुए लोकसभा की कार्यवाही को आज के लिए स्थगित कर दिया गया. कार्यवाही 28 जुलाई, 2026 को सुबह 11:00 बजे फिर से शुरू होगी.
कांग्रेस सांसदों का संसद के बाहर पंजाब पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन, भगवंत मान का मांगा इस्तीफा
पंजाब कांग्रेस के सांसदों ने राज्य में कथित पेपर लीक और सफाई कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस सांसदों ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की.
डिंपल बोलीं हम चाहते हैं सत्र चले
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव कहती हैं, "विपक्ष निश्चित रूप से चाहता है कि सत्र चले क्योंकि हम चाहते हैं कि चर्चा हो. हमने पहले NEET पर बहस की मांग की थी, लेकिन सरकार तब तैयार नहीं थी. जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन हुआ; 20 तारीख को छात्रों के साथ मारपीट और हिंसा हुई और यह सब उन्हीं रास्तों पर हुआ जिनका इस्तेमाल हम सभी करते हैं. वहां बैरिकेड लगाए गए, इंटरनेट बंद कर दिया गया, और इस स्थिति के लिए सरकार जिम्मेदार है. हम चाहते हैं कि गृह मंत्री सदन में आएं और बताएं कि ऐसा क्यों हुआ. साथ ही, हमारी मांग है कि सरकार सदन में यह घोषणा करे कि वह छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी कानूनी मामले वापस लेगी."
NDA सांसदों की बैठक कल, संसद लाइब्रेरी भवन में होगा 'मंगल मिलन'
एनडीए मंगलवार को अपनी साप्ताहिक संसदीय बैठक 'मंगल मिलन' आयोजित करेगा. यह बैठक सुबह 9:30 बजे संसद पुस्तकालय भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में होगी. यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशन (Prevention of Unfair Means) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया जा चुका है और संसद में इस पर चर्चा जारी है.
लोकसभा की कार्यवाही शाम 5 बजे तक स्थगित
विपक्ष के लगातार हंगामे और नारेबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही सोमवार को शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों से शाम 5 बजे सदन में लौटने की अपील की और कहा कि उस समय पब्लिक एग्जामिनेशन (Prevention of Unfair Means) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा कराई जाएगी.
'अमित शाह कहां छिपे हैं?' पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस ने मांगा जवाब
कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सामने आकर बताएं कि बिहार में छात्रों के खिलाफ AK-47 और दिल्ली में पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया. कांग्रेस लगातार 20 जुलाई के छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर संसद में चर्चा और सरकार से जवाब की मांग कर रही है.
छात्रों पर कार्रवाई को लेकर डिंपल यादव ने सरकार को घेरा
समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने छात्रों पर हो रही कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र और बिहार सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बीजेपी शासन में छात्रों पर अत्याचार रुक नहीं रहे हैं. डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के खिलाफ पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ, जबकि बिहार में छात्रों पर AK-47 का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं निंदनीय हैं और बीजेपी सरकार लोगों की आजादी की भावना को दबाने का काम कर रही है.
हंगामा करने के बजाय बिल पर संसद में खुलकर चर्चा करें : किरेन रिजिजू
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस से अपील करते हुए कहा कि हंगामा करने के बजाय इस बिल पर संसद में खुलकर चर्चा करें. उनका कहना था कि अगर छात्रों के भविष्य से जुड़े इतने महत्वपूर्ण बिल पर भी चर्चा नहीं होगी, तो इससे देश और छात्रों के बीच गलत संदेश जाएगा. उन्होंने कहा कि छात्रों के हित में सभी दलों को मिलकर इस मुद्दे पर बहस करनी चाहिए.
विधेयक (बिल) पर क्या बोले किरेन रिजिजू
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि नीट समेत पेपर लीक के मामलों को रोकने के लिए सरकार सोमवार को लोकसभा में एक अहम विधेयक (बिल) लेकर आई है. उन्होंने कहा कि देशभर के छात्रों की चिंता को देखते हुए परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं. रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए कई बड़े फैसले किए हैं. इसके तहत एक टास्क फोर्स बनाई गई है और ऐसा कानून लाया गया है, जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लग सके. उन्होंने कहा कि पेपर लीक में शामिल लोगों को सख्त और तय समय के भीतर सजा देने का प्रावधान किया गया है.
राज्यसभा में हंगामा, लोकसभा में पेश हुआ एंटी पेपर लीक बिल
नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक सोमवार को एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई. एंटी पेपर लीक बिल लोकसभा में पेश हो गया है. विपक्ष के जोरदार हंगामे और नारेबाजी के बीच पीएमओ में राज्यमंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने यह बिल लोकसभा में पेश कर दिया है. इससे पहले, विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच ही लिस्टेड बिजनेस लिए गए.
लोकसभा में पेश हुआ पेपर लीक कानून में संशोधन विधेयक
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोमवार को लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशन (Prevention of Unfair Means) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया. इस विधेयक का उद्देश्य सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनुचित तरीकों पर रोक लगाने के लिए मौजूदा कानून को और प्रभावी बनाना है. सरकार का कहना है कि इससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी.
पैलेट गन के मुद्दे पर सरकार को घेरा, पवन खेड़ा ने कहा- पीएम मांगें माफी
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने छात्रों पर कथित पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि युवाओं के खिलाफ पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ है, इसलिए यह मुद्दा संसद में उठेगा और सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए माफी मांगनी होगी. परीक्षा सुधारों के लिए नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में बनी टास्क फोर्स पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार हर मुद्दे पर कांग्रेस की ओर ही लौटती है. वहीं, वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी की टिप्पणी पर खेड़ा ने कहा कि उन्हें ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए.
संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन
20 जुलाई को CJP के नेतृत्व में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्षी सांसद संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन कर रहे हैं. इस प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेता शामिल हैं. विपक्ष इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री से जवाबदेही तय करने और पूरे घटनाक्रम पर जवाब देने की मांग कर रहा है.
लोकसभा-राज्यसभा दोपहर 12 बजे तक स्थगित
छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार से जवाब और सदन में चर्चा की मांग कर रहा है.
राधाकृष्णन समिति की रिपोर्ट का क्या हुआ? CPI(M) सांसद ने सरकार से पूछा सवाल
सीपीआई(एम) सांसद जॉन ब्रिटास ने परीक्षा सुधारों के लिए नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में नई टास्क फोर्स बनाए जाने पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि सरकार ने दो साल पहले राधाकृष्णन समिति बनाई थी, जिसने 184 पन्नों की रिपोर्ट सौंपी थी, लेकिन उस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. ब्रिटास ने आरोप लगाया कि सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए नई समितियां बना रही है. उन्होंने कहा कि देश में समितियों की नहीं, बल्कि राजनीतिक इच्छाशक्ति और पारदर्शी व्यवस्था की जरूरत है.
पेपर लीक विधेयक पर बोले किरेन रिजिजू
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण है क्योंकि पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून वाला विधेयक लोकसभा में पेश किया जाएगा. उन्होंने सभी दलों से इस पर चर्चा में हिस्सा लेने की अपील की और कहा कि हंगामा करने के बजाय बहस होनी चाहिए, ताकि देश को सही संदेश जाए.
एग्जामिनेशन रिफॉर्म टास्क फोर्स पर TMC सांसद सौगत रॉय का रिएक्शन
टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने परीक्षा सुधारों के लिए नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में गठित हाई-पावर्ड टास्क फोर्स का स्वागत करते हुए कहा कि वह एक अच्छे व्यक्ति हैं और टास्क फोर्स का गठन सही कदम है. हालांकि, उन्होंने कहा कि विपक्ष की मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं. रॉय ने प्रधानमंत्री से माफी की मांग दोहराई और छात्रों पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर गृह मंत्री अमित शाह की आलोचना की. उन्होंने कहा कि विपक्ष की बैठक में इन सभी मुद्दों पर चर्चा होगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी.
विपक्षी दल के बैठक में शामिल होने संसद पहुंचे राहुल गांधी
पेपर लीक विधेयक पर बोलीं महुआ माजी- कानून में कोई खामी नहीं होनी चाहिए
एमएम सांसद महुआ माजी ने कहा कि पब्लिक एग्जामिनेशन संशोधन विधेयक, 2026 पर संसद में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि विपक्ष हर विधेयक पर बहस चाहता है ताकि उसके सभी प्रावधानों की ठीक से जांच हो सके. महुआ माजी ने कहा कि पहले भी पेपर लीक रोकने के दावे किए गए थे, लेकिन घटनाएं बार-बार होती रहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र 22 दिन तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते रहे, लेकिन सरकार ने उनसे बातचीत नहीं की और संसद मार्च के दौरान उन पर लाठीचार्ज व आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि नया कानून ऐसा होना चाहिए, जिससे भविष्य में न पेपर लीक हो और न ही किसी निर्दोष के साथ अन्याय हो.
पेपर लीक कानून पर बोले अभिजीत गांगुली- सरकार ने तेजी से उठाया सही कदम
बीजेपी सांसद अभिजीत गांगुली ने संसद में पेश होने वाले पब्लिक एग्जामिनेशन संशोधन विधेयक, 2026 का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि यह सरकार की ओर से तेजी से उठाया गया एक अच्छा कदम है. वहीं, राष्ट्रीय सम्मान का अपमान (संशोधन) विधेयक, 2026 पर उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के हंगामे की वजह से इस पर पहले चर्चा नहीं हो सकी. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिम्मेदारी से व्यवहार नहीं कर रही थी और अब देखना होगा कि आज सदन में क्या होता है.
लोकसभा में आज पेश होगा पेपर लीक कानून में संशोधन विधेयक
लोकसभा में आज पब्लिक एग्जामिनेशन संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया जाएगा. केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सदन में यह विधेयक पेश करेंगे. इसके बाद इस पर चर्चा होगी, जिसमें बीजेपी की बांसुरी स्वराज और तेजस्वी सूर्या, टीएमसी की शर्मिला सरकार और मिताली बाग, टीडीपी के लावू श्रीकृष्ण देवरायलू, शिवसेना के डॉ. श्रीकांत शिंदे, एनसीपी के सुनील तटकरे, अपना दल की अनुप्रिया पटेल और एलजेपी (रामविलास) के अरुण भारती हिस्सा लेंगे.
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्यसभा में चर्चा की मांग
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत कार्यस्थगन नोटिस दिया है. उन्होंने 20 जुलाई को दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर चर्चा की मांग की है. नोटिस में लाठीचार्ज, आंसू गैस, पैलेट गन के इस्तेमाल और सादे कपड़ों में मौजूद लोगों द्वारा छात्रों पर हमले के आरोपों का जिक्र किया गया है. साथ ही गृह मंत्री से पूरे मामले पर विस्तृत बयान और प्रधानमंत्री से भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी देने की मांग की गई है.
राष्ट्रीय सम्मान कानून में संशोधन विधेयक आज राज्यसभा में पेश करेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को राज्यसभा में राष्ट्रीय सम्मान का अपमान (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करेंगे. यह विधेयक राष्ट्रीय सम्मान का अपमान रोकथाम अधिनियम, 1971 में संशोधन से जुड़ा है. इस कानून में राष्ट्रीय ध्वज, भारतीय संविधान और राष्ट्रगान के अपमान से संबंधित अपराधों के प्रावधान हैं. सरकार का कहना है कि संशोधन के जरिए कानून को और प्रभावी बनाया जाएगा.
Parliament Session Live : परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाले विधेयक पर सत्तापक्ष और विपक्ष में बनी सहमति, कल चर्चा की संभावना
केंद्र सरकार आज लोकसभा में पेपर लीक कानून को और सख्त बनाने वाला विधेयक पेश करने की तैयारी में है. वहीं, CJP ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत अपनी कई मांगें मानने के बाद आंदोलन खत्म कर दिया है. इसके बावजूद कांग्रेस और INDIA गठबंधन ने साफ कर दिया है कि वे NEET विवाद और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सरकार को संसद में घेरेंगे. विपक्ष इस मामले पर तत्काल चर्चा की मांग करेगा और छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग को लेकर सरकार से जवाब मांगेगा.