Parliament Live: झारखंड के युवाओं पर लाठीचार्ज को लेकर संसद में घिरे राहुल गांधी, लोकसभा में हंगामा

संसद का लाइव अपडेट (File Photo)
Parliament Live: संसद का मानसून सत्र मंगलवार को भी हंगामे की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है. सत्र 13 अगस्त को समाप्त होना है और अब सिर्फ तीन दिन बाकी हैं. मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के चलते कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई. संसद में जारी हलचल, सत्ता पक्ष और विपक्ष के प्रदर्शन और दिनभर की हर बड़ी खबर से जुड़े अपडेट के लिए बने रहें हमारे साथ.
हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
राज्यसभा की बैठक मंगलवार को शुरू होने के कुछ ही देर बाद विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गई. सदन में लगातार विरोध और नारेबाजी के चलते राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई.
झारखंड में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी को बोलना होगा: विवेक ठाकुर
भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने झारखंड में छात्रों पर हुई कथित पुलिस बर्बरता को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को झारखंड में छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर बोलना होगा और इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए.
विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी रहा. लगातार हो रहे हंगामे और नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई. विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जता रहा है.
संसद में आमने-सामने NDA और कांग्रेस
संसद में मंगलवार को NDA और कांग्रेस सांसदों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन किया. NDA सांसदों ने विपक्ष पर संसद में चर्चा से भागने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया. वहीं, कांग्रेस सांसद जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आए.
प्रियंका गांधी, बोलीं- राहुल गांधी झारखंड के छात्रों से मिल चुके हैं
NDA सांसदों के विपक्ष पर संसद में चर्चा से भागने का आरोप लगाकर किए जा रहे प्रदर्शन के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा संसद पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी झारखंड के छात्रों से मिल चुके हैं.
झारखंड में छात्रों पर कार्रवाई पर क्या बोले मनोज तिवारी
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने झारखंड में छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “अमित शाह जी जवाब देंगे, राहुल गांधी भागना मत.” मनोज तिवारी ने झारखंड में छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर सवाल उठाए और कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए.
झारखंड को लेकर अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
NDA सांसदों ने संसद में विपक्ष पर चर्चा से भागने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया. इस दौरान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने झारखंड के युवाओं के साथ न्याय की मांग की. उन्होंने कहा कि युवाओं पर जिस तरह लाठीचार्ज और अत्याचार किया गया, उससे राहुल गांधी की सोच सामने आती है. ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सदन में नहीं आते, लेकिन गृह मंत्री से जवाब मांगते हैं. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए झूठ और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं.
झारखंड को लेकर विपक्ष की नीति अलग : साक्षी महाराज
भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, इसके बावजूद विपक्ष चर्चा से भाग रहा है. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर और झारखंड के मुद्दे पर विपक्ष की नीति अलग-अलग है.
NDA की ‘मंगल मिलन’ बैठक में PM मोदी ने लहराया तिरंगा
दिल्ली में PLB बिल्डिंग में NDA की साप्ताहिक संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष नितिन नबीन और NDA के अन्य नेताओं ने तिरंगा लहराया। इस दौरान नेताओं ने एकजुटता का संदेश दिया.
NDA सांसदों का विपक्ष पर हमला, मकर द्वार तक निकाला विरोध मार्च
NDA सांसदों ने मंगलवार को संसद के मकर द्वार की ओर विरोध मार्च निकाला. हाथों में तख्तियां लेकर सांसदों ने विपक्ष पर चर्चा से भागने का आरोप लगाया. NDA सांसदों का कहना है कि सरकार छात्र प्रदर्शन के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और गृह मंत्री अमित शाह भी इस विषय पर सदन में चर्चा के लिए तैयार हैं, इसके बावजूद विपक्ष चर्चा से बच रहा है. सांसदों ने विपक्ष के रवैये के खिलाफ नारेबाजी भी की.
Parliament Live: झारखंड के युवाओं पर लाठीचार्ज को लेकर संसद में घिरे राहुल गांधी, लोकसभा में हंगामा
दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के 20 जुलाई को निकाले गए 'संसद मार्च' के दौरान छात्र प्रदर्शनकारियों पर हुई भारी पुलिस कार्रवाई पर गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को संसद में जवाब दे सकते हैं. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, सरकार देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे छात्र आंदोलनों पर लोकसभा में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है. रिजिजू ने स्पष्ट किया कि गृह मंत्री शाह इस बहस का विस्तृत उत्तर देंगे, लेकिन इसके लिए विपक्ष को शांतिपूर्ण ढंग से सरकार का पक्ष और जवाब सुनना होगा.