Parliament Monsoon Session : पेपर लीक पर राघव चड्ढा का विपक्ष पर हमला, बोले- छात्रों की भावनाओं पर राजनीति न करें

संसद का लाइव अपडेट (File Photo)
Parliament Live : संसद का मानसून सत्र अब तीसरे हफ्ते में पहुंच गया है, लेकिन संसद में हंगामा जारी है. राम मंदिर चढ़ावा विवाद और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर सोमवार (3 अगस्त) को लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ. विपक्षी सांसदों के लगातार विरोध और नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी. इसके बाद भी स्थिति सामान्य नहीं होने पर लोकसभा की बैठक पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई.
पेपर लीक पर राघव चड्ढा का विपक्ष पर हमला
भाजपा सांसद राघव चड्ढा ने राज्यसभा में कहा कि पेपर लीक जैसी समस्या का समाधान सिर्फ बयानबाजी से नहीं, बल्कि मजबूत संस्थागत व्यवस्था से होगा और सरकार इसी दिशा में देश का पहला एंटी पेपर लीक ढांचा ला रही है. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज सुनी गई है और उसी का परिणाम यह विधेयक है. चड्ढा ने कहा कि अब पेपर लीक को भी जघन्य अपराधों की श्रेणी में रखा जा रहा है और इसके मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी. उन्होंने विपक्ष पर छात्रों की भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह लड़ाई भाजपा बनाम कांग्रेस की नहीं, बल्कि मेहनत बनाम माफिया की है. साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्ष शासित राज्यों में होने वाले पेपर लीक को भी उतनी ही गंभीरता से देखा जाना चाहिए.
सुप्रीम कोर्ट में बढ़ेंगे जजों के पद
लोकसभा ने सोमवार को बिना किसी चर्चा के उस विधेयक को मंजूरी दे दी, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के जजों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 करने का प्रावधान है. इसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) का पद भी शामिल है.
लोकसभा पूरे दिन के लिए स्थगित
राम मंदिर चढ़ावा विवाद और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर विपक्षी सांसदों के हंगामे के कारण सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही प्रभावित रही. लगातार विरोध और नारेबाजी के बीच सदन को दो बार स्थगित करना पड़ा. इसके बाद भी हंगामा जारी रहने पर लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई. विपक्षी सांसद इन मुद्दों पर सरकार से जवाब की मांग कर रहे थे.
लोकसभा बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक
संसद के मानसून सत्र के बीच लोकसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक आज दोपहर 2:30 बजे संसद में होगी. बैठक में सदन की आगे की कार्यवाही, लंबित मुद्दों और आने वाले दिनों के कामकाज को लेकर चर्चा की जाएगी.
लोकसभा में बैंककार बही साक्ष्य विधेयक पेश
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को लोकसभा में बैंककार बही साक्ष्य विधेयक, 2026 पेश किया. इस नए कानून का मकसद अदालतों में बैंक के डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड को सबूत के तौर पर इस्तेमाल करने की प्रक्रिया को आसान और साफ बनाना है. यह विधेयक 1891 के पुराने बैंककार बही साक्ष्य अधिनियम की जगह लेगा. सरकार का कहना है कि बदलते डिजिटल दौर में बैंकिंग रिकॉर्ड से जुड़े नियमों को आधुनिक बनाने की जरूरत है.
खरगे ने एक्स पर क्या लिखा?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद भवन स्थित अपने रूम में विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं की बैठक के बाद 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''मोदी सरकार को 'इंडिया' को जवाब देना होगा. पहला, गृह मंत्री संसद में आएं और छात्रों पर लाठीचार्ज एवं पैलेट गन के इस्तेमाल की कार्रवाई पर स्पष्टीकरण दें.'' उन्होंने कहा, ''दूसरा, प्रधानमंत्री यह बताएं कि श्री राम मंदिर को श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया चंदा और चढ़ावा कैसे चोरी हो गया, जबकि ट्रस्ट प्रधानमंत्री की निगरानी में था.''
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही एक बार फिर बाधित हुई. शोर-शराबे के बीच सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी, जिसके बाद स्पीकर ने लोकसभा को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया.
JPSC-JSSC विवाद पर निशिकांत दुबे ने हेमंत सरकार को घेरा
झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग पूरी तरह जायज है. पिछले 7-8 वर्षों से JPSC में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं. इसके कारण झारखंड के युवाओं को न नौकरी मिल रही है और न ही रोजगार. उन्होंने कहा कि छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा.साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC के सदस्य कांग्रेस और झामुमो से जुड़े हुए हैं.
गृह मंत्री की मौजूदगी की मांग पर राज्यसभा में हंगामा, कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्षी सांसदों ने NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री की मौजूदगी और जवाब की मांग की. लगातार हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
लोकसभा में हंगामा
संसद के मानसून सत्र में सोमवार को NEET पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और राम मंदिर चंदा में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया. शोर-शराबे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
राम मंदिर चंदा विवाद पर TMC सांसद कीर्ति आजाद का हमला
संसद के मानसून सत्र के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद कीर्ति आजाद ने राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि ट्रस्ट में बैठे लोग डकैती कर रहे हैं. कीर्ति आजाद ने कहा कि दूसरे लोग इसे चोरी कह रहे हैं, लेकिन वह इसे डकैती मानते हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस मामले में ट्रस्ट के जिम्मेदार लोगों पर कोई कार्रवाई होगी. साथ ही उन्होंने कहा कि सांसद पप्पू यादव ने उन्हीं लोगों के नाम सामने रखे हैं, जिन पर इस मामले में सवाल उठ रहे हैं.
राम मंदिर चंदा विवाद पर संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन
राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. विपक्ष ने इस मामले में सरकार से जवाब मांगते हुए नारेबाजी की और पूरे मामले की जांच की मांग उठाई.
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित
संसद के सत्र के दौरान विपक्षी सांसदों के लगातार हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन कर रहा है.
NEET विवाद पर TMC सांसद सागरिका घोष का हमला
मानसून सत्र के दौरान TMC सांसद सागरिका घोष ने NEET पेपर लीक और छात्रों के प्रदर्शन को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनकारी छात्रों को माफ करने की बात कही है, लेकिन इसके बजाय गृह मंत्री को माफी मांगनी चाहिए. घोष ने आरोप लगाया कि छात्रों पर पेलेट गन चलाई गई, FIR दर्ज की गईं और आत्महत्या करने वाले 21 छात्रों के मुद्दे पर सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया. उन्होंने गृह मंत्री से संसद में आकर सफाई देने की मांग की.
एंटी-डिफेक्शन लॉ पर चर्चा की मांग, कांग्रेस ने दिया स्थगन प्रस्ताव
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने संसद में एंटी-डिफेक्शन लॉ (दल-बदल विरोधी कानून) पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव दिया है. उन्होंने प्रश्नकाल, शून्यकाल और दिन के सभी तय कामकाज को रोककर इस मुद्दे पर बहस कराने की मांग की है.
Parliament Monsoon Session : पेपर लीक पर राघव चड्ढा का विपक्ष पर हमला, बोले- छात्रों की भावनाओं पर राजनीति न करें
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने राम मंदिर चंदा मामले पर सदन में चर्चा की मांग की है. उन्होंने नियम 267 के तहत कार्य स्थगन नोटिस दिया है. इस नोटिस के जरिए उन्होंने इस मुद्दे पर राज्यसभा में तत्काल बहस कराने की मांग की है.