Pahalgam Terror Attack : ठाणे के तीन लोगों की मौत, सदमे में दोस्त

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमले में ठाणे के तीन लोगों की मौत हो गई. यह खबर जैसे ही उनके दोस्तो को मिली, जोर–जोर से रोने लगे. खबर सुनकर परिजन स्तब्ध हैं.

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में महाराष्ट्र के ठाणे जिले के तीन लोगों की मौत हो गई. यह खबर सुनकर उनके मित्र और परिचित गहरे सदमे में हैं और वे अपने दर्द को शब्दों में बयां नहीं कर पा रहे हैं. मृतकों की पहचान हेमंत जोशी, 44 साल के संजय लेले और 52 साल के अतुल मोने के रूप में हुई है. तीनों ठाणे के डोंबिवली शहर के विभिन्न इलाकों से थे. पहलगाम के प्रमुख पर्यटन स्थल पर हुए इस आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों में शामिल थे. इस आतंकवादी हमले में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं.

लेले और जोशी, मोने के साथ ग्रुप टूर पर थे

जैसे ही इस भीषण हमले की खबर सामने आई, डोंबिवली में शोक की लहर दौड़ गई. स्थानीय लोगों, कई सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलो के नेताओं ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया. लेले ठाणे शहर की एक प्राइवेट कंपनी के अकाउंट डिपार्टमेंट में कार्यरत थे. वह डोंबिवली (पश्चिम) के महात्मा फुले रोड स्थित पांडुरंग वाड़ी इलाके में अपने संयुक्त परिवार के साथ रहते थे. इस हमले में उनके बेटे के हाथ में गोली लगने की खबर है. स्थानीय निवासी लक्ष्मीकांत भोइर ने मीडिया को बताया, “इस हादसे की खबर से हम सभी स्तब्ध हैं. लेले का परिवार और हम सभी उनके असमय निधन से पूरी तरह टूट चुके हैं.” लेले और लक्ष्मीकांत एक आध्यात्मिक समूह का हिस्सा थे. लेले और जोशी, मोने के साथ एक ग्रुप टूर के तहत पहलगाम गए थे.

कश्मीर में फंसे पर्यटकों का दी जा रही है सहायता

मोने, डोंबिवली (पश्चिम) के ठाकुरवाड़ी क्षेत्र के निवासी थे. मुंबई में इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे. वह अपने परिवार के साथ इस यात्रा पर गए थे. प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को त्वरित और समुचित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. कलेक्टर कार्यालय और स्थानीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से अनुरोध किया है कि यदि उनके कोई परिचित या रिश्तेदार पहलगाम में हैं, तो वे तत्काल जिला प्रशासन से संपर्क करें. ठाणे कलेक्टर कार्यालय में 24 घंटे चालू रहने वाली एक हेल्प डेस्क और इमरजेंसी कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिससे कश्मीर में फंसे पर्यटकों को सहायता मिल सके.

यह भी पढ़ें : Pahalgam Attack Video: पहलगाम आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ, मृतकों में दो विदेशी भी शामिल, देखें पूरी सूची

स्थानीय बीजेपी और शिवसेना नेताओं ने शोक संतप्त परिवारों से संपर्क किया है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >