नो व्हीकल डे, वर्क फ्रॉम होम और मेट्रो मंडे… खर्च में कटौती के लिए दिल्ली सरकार ने किए बड़े ऐलान

CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने पेट्रोल-डीजल की बचत और सरकारी खर्चों में कटौती के लिए मेरा भारत मेरा योगदान अभियान शुरू किया है. इस पहल के तहत सरकारी दफ्तरों, अधिकारियों और आम नागरिकों के लिए कई नए कदमों की घोषणा की गई है.

CM Rekha Gupta: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि सरकार ने विभागों में ईंधन खर्च पहले ही कम करना शुरू कर दिया है. अब केवल उतनी ही सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल किया जाएगा, जितनी बेहद जरूरी होंगी. जहां संभव होगा, वहां सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने बताया कि अधिकारियों के लिए तय मासिक पेट्रोल कोटा भी 20 प्रतिशत घटा दिया गया है. पहले जहां अधिकारियों को हर महीने 200 से 250 लीटर पेट्रोल मिलता था, अब इसे घटाकर 160 से 200 लीटर कर दिया गया है.

हर सोमवार मनाया जाएगा मेट्रो सोमवार- सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली सरकार ने हर सोमवार को मेट्रो सोमवार के रूप में मनाने का फैसला किया है. इसके तहत मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और सरकारी कर्मचारी जहां संभव होगा, वहां मेट्रो से सफर करेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ईंधन की बचत के साथ-साथ लोगों को सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए प्रेरित करना है.

सरकारी कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम

सरकार ने यह भी घोषणा की है कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी सप्ताह में दो दिन घर से काम करेंगे. इसके अलावा निजी कंपनियों से भी बातचीत की जाएगी, ताकि उनके कर्मचारियों को भी वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी जा सके.

दफ्तरों के समय में भी बदलाव

नई व्यवस्था के तहत दिल्ली सरकार के दफ्तर अब सुबह साढ़े 10 बजे से शाम 7 बजे तक खुलेंगे. वहीं, MCD कार्यालयों का समय सुबह साढ़े 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है.

दिल्लीवासियों से नो व्हीकल डे मनाने की अपील

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के लोगों से सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल डे मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोग अपनी सुविधा के अनुसार कोई भी एक दिन चुनें और उस दिन निजी वाहनों के बजाय मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी.

Also Read: फिजुलखर्ची पर रोकः दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कम किया काफिला, बाइक से विधान भवन पहुंचे सीएम देवेंद्र फडणवीस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pritish sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >