Assam Flood Relief : असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है. यह सहायता राशि ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और राहत कार्यों में इस्तेमाल की जाएगी. इसके साथ ही रिलायंस फाउंडेशन और वंतारा की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री, स्वास्थ्य सेवाएं और पशुओं की देखभाल का काम कर रही हैं.
नीता अंबानी ने कहा कि असम के लोगों का साहस और जज्बा हमेशा प्रेरणादायक रहा है. उन्होंने कहा, "हमारी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं असम के लोगों के साथ हैं. इस कठिन समय में आप अकेले नहीं हैं. रिलायंस फाउंडेशन, वंतारा और पूरे रिलायंस परिवार की टीमें राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हरसंभव मदद पहुंचा रही हैं. हम आज भी आपके साथ हैं और आगे भी रहेंगे."
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया आभार
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर नीता अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भी रिलायंस फाउंडेशन ने असम की मदद की थी और अब एक बार फिर बाढ़ जैसी आपदा में 21 करोड़ रुपये की सहायता देकर लोगों का हौसला बढ़ाया है. मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों में जुटी टीमों की भी सराहना की.
50 हजार लोगों तक राहत पहुंचाने का लक्ष्य
रिलायंस फाउंडेशन फिलहाल सबसे ज्यादा प्रभावित शिवसागर और चराइदेव जिलों में राहत अभियान चला रहा है. संस्था का लक्ष्य कम से कम 50 हजार जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है. इसके तहत सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था, सामुदायिक रसोई के जरिए भोजन, स्वास्थ्य केंद्रों की सफाई और पुनर्स्थापना, अस्थायी आश्रय और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर राहत सामग्री वितरित की जा रही है.
वंतारा की टीमें पशुओं का भी कर रहीं इलाज
रिलायंस समूह की पहल वंतारा की पशु चिकित्सा टीमें भी प्रभावित गांवों में डोर-टू-डोर अभियान चला रही हैं. बाढ़ से प्रभावित पशुओं का इलाज, टीकाकरण और आवश्यक देखभाल की जा रही है ताकि किसानों और ग्रामीण परिवारों को जल्द सामान्य जीवन में लौटने में मदद मिल सके. रिलायंस फाउंडेशन का कहना है कि उसका उद्देश्य सिर्फ तत्काल राहत देना नहीं, बल्कि समुदायों के पुनर्वास और गांवों को फिर से बसाने में भी सहयोग करना है.
Also read : बांकीपुर में BJP की हार पर आदित्य ठाकरे का तंज, बोले- बदलाव की हवा अब पूरे देश में चलेगी
