बद्रीनाथ दान चोरी मामले में नया खुलासा, CCTV में 4 बार कैश चुराते दिखा आरोपी

Badrinath Dham : बद्रीनाथ धाम में दान की चोरी का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। हालिया जांच में सामने आए CCTV फुटेज में आरोपी को कई बार नकदी चुराते देखा गया है। पुलिस इस मामले को पहले से कहीं ज्यादा गंभीर मान रही है।

Badrinath Dham : बद्रीनाथ धाम के दान चोरी मामले में पुलिस जांच लगातार नए खुलासे कर रही है. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, चमोली पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) को अब तक जांचे गए CCTV फुटेज में आरोपी प्रमोद नौटियाल चार अलग-अलग मौकों पर दान की गिनती के दौरान नकदी चुराते हुए दिखाई दिया है. पुलिस का कहना है कि यह मामला पहले की आशंका से कहीं अधिक गंभीर हो सकता है.

चार दिनों की रिकॉर्डिंग में दिखी चोरी

बद्रीनाथ थाना प्रभारी महादेव उनियाल के मुताबिक, 22 जून, 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई की रिकॉर्डिंग की जांच की गई. चारों दिनों में आरोपी प्रमोद नौटियाल कई बार नकदी छिपाते हुए नजर आया. जांच एजेंसी ने बताया कि मंदिर में इस यात्रा सीजन के दौरान अब तक 34 बार दान की गिनती हो चुकी है. पुलिस का मानना है कि इससे पहले भी चोरी हुई हो सकती है, लेकिन पुराने CCTV फुटेज स्टोरेज भरने के बाद मिट चुके हैं.

बरामदगी अभी बाकी, रिमांड की तैयारी

पुलिस ने आरोपी प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया था. अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने बताया कि अब तक चोरी की गई नकदी और सोने-चांदी के सिक्के बरामद नहीं हुए हैं, केवल एक शालिग्राम शिला बरामद की गई है. पुलिस जल्द ही सत्र न्यायालय में रिमांड की अर्जी देकर आरोपी से दोबारा पूछताछ और बरामदगी की कोशिश करेगी.

जांच का दायरा बढ़ा, समिति ने बदली जिम्मेदारी

जांच के दौरान दान गिनती में शामिल एक अन्य व्यक्ति की गतिविधियां भी संदिग्ध मिली हैं, जिसकी गहन जांच की जा रही है. दूसरी ओर, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने दान गिनती के कोषाध्यक्ष संदीप मेहता को हटाकर यह जिम्मेदारी केदार सिंह रावत को सौंप दी है. समिति का कहना है कि यह फैसला दान तौलने की प्रक्रिया में मिली कमियों के कारण लिया गया है.

कई स्तर पर हो रही जांच

इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच फिलहाल तीन स्तरों पर चल रही है. एक ओर पुलिस की SIT जांच कर रही है, दूसरी ओर BKTC की आंतरिक समिति ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी है. वहीं उत्तराखंड सरकार द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति भी पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें-राम मंदिर में चढ़ावे का पूरा हिसाब अब होगा सार्वजनिक, घर बैठे वेबसाइट पर देख सकेंगे दान और खर्च का ब्यौरा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Satyendra Giri

सत्येन्द्र गिरि प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. यहां वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करते हैं. सरल, तथ्यात्मक और पाठक-केंद्रित लेखन उनकी प्रमुख पहचान है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से मास्टर ऑफ आर्ट्स इन मास कम्युनिकेशन (बैच 2023–25) की डिग्री प्राप्त की है.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, डिजिटल मीडिया, रिपोर्टिंग और समसामयिक विषयों की गहन समझ विकसित की. पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके पास एक वर्ष का पेशेवर अनुभव है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला के गोरखपुर एडिशन से की, जहां समाचार लेखन और रिपोर्टिंग की बारीकियों को नजदीक से सीखने और समझने का अवसर मिला. इसके बाद उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता में कदम रखते हुए प्रभात खबर डिजिटल से जुड़कर देश-विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने का कार्य शुरू किया.

सत्येन्द्र की विशेष रुचि इतिहास, अंतरराष्ट्रीय संबंध, राजनीति, कूटनीति और समसामयिक घटनाक्रम से जुड़े विषयों में है. वे जटिल और गंभीर मुद्दों को भी सरल, संतुलित और विश्वसनीय तरीके से प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं. राष्ट्रीय और वैश्विक घटनाओं पर उनकी गहरी नजर रहती है तथा वे तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता को अपनी कार्यशैली का आधार मानते हैं. वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निवासी हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >