NEET UG Re Exam : पेपर लीक के बार नीट यूटी री-एग्जाम 21 जून को होना है. इसके लिए देश भर में तैयारियां जारी हैं. री-एग्जाम को सुचारूरूप से संपन्न कराने के लिए शनिवार को देशभर में ‘मॉक ड्रिल’ की गई. यह जानकारी जिलों के अधिकारियों ने दी है.
22.79 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार री-एग्जाम में रविवार को लगभग 22.79 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे. देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजकर 15 मिनट तक परीक्षा आयोजित की जाएगी. अतिरिक्त समय पाने के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को शाम छह बजकर 20 मिनट तक परीक्षा देने की अनुमति होगी.अभ्यर्थियों को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न डेढ़ बजे के बीच परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने को कहा गया है.
डेढ़ बजे के बाद परीक्षा केंद्रों में नहीं मिलेगा प्रवेश
एनटीए ने पीटीआई न्यूज एजेंसी से कहा कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार दोपहर डेढ़ बजे बंद कर दिए जाएंगे और किसी भी हाल में किसी अभ्यर्थी को उसके बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा. एनटीए ने कहा कि वह री-एग्जाम के लिए पूरी तरह तैयार है और गोपनीय सामग्री को सुरक्षित तरीके से पहुंचाने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन, पुलिस बलों और सुरक्षा दलों को सौंपी गई है.एजेंसी की ओर से जानकारी दी गई है कि री-एग्जाम के लिए 674 नगर समन्वयक और परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र निगरानी के लिए 6,669 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र अधीक्षक और निरीक्षक भी नियुक्त किए गए हैं. निष्पक्ष परीक्षा के आयोजन के लिए पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों समेत दो लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है. सुरक्षा के कड़े उपायों के बीच प्रश्नपत्र पहुंचाने के लिए पहली बार भारतीय वायुसेना की मदद ली जा रही है.
अभ्यर्थियों को व्हाट्सऐप पर मिलेगी पुख्ता जानकारी
एनटीए ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आधिकारिक व्हाट्सऐप चैनल शुरू किया है, जिसके जरिए परीक्षार्थियों को पुख्ता जानकारी मुहैया कराई जाएगी.कई राज्यों ने अभ्यर्थियों के लिए सहायता उपायों की घोषणा भी की है. इनमें यात्रा संबंधी तनाव कम करने और परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सरकारी बसों में मुफ्त परिवहन की सुविधा शामिल है.
ये भी पढ़ें : पवनराजे निंबालकर हत्याकांड: 20 साल, 128 गवाह… फिर भी पद्मसिंह पाटिल समेत सभी आरोपी बरी
