Mirzapur Accident: पुलिस अधीक्षक रजत कौशिक ने घटना के बारे में बताया- रात लगभग साढ़े आठ बजे पुलिस को एक सूचना मिली कि ड्रमंडगंज घाटी से नीचे उतरते वक्त एक ट्रक ब्रेक फेल होने के कारण एक अन्य ट्रक से टकरा गया. उनके बीच एक कार फंस गयी. ट्रक ने एक अन्य कार को भी टक्कर मारी जिससे उसमें आग लग गयी. उन्होंने बताया कि इस घटना में अभी तक 11 लोगों की मौत हो गई. जिनकी शिनाख्त की जा रही है.
राहत और बचाव कार्य जारी
कौशिक ने बताया कि इसकी सूचना पर तत्काल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किया गया. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके पर पुलिस की टीम में मौजूद है और रास्ते पर यातायात बहाल करने के लिए कार्य जारी है.
एक ट्रक बिहार का था
अभी तक मिली सूचना के मुताबिक एक ट्रक बिहार का जबकि दूसरा मध्यप्रदेश का था. एक कार सोनभद्र जिले की है जबकि जिस कार में आग लगी वह मिर्जापुर में पंजीकृत है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों के परिजन से संपर्क किया जा रहा है.
