DUSU Elections Result 2026: कोई टेनिस खिलाड़ी तो कोई हैंडबॉल स्टार, जानें डूसू के विजेताओं की कहानी

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजे आ गए हैं. इस बार ABVP ने तीन मुख्य पदों पर जीत दर्ज की है. विजेताओं में टेनिस, बास्केटबॉल और हैंडबॉल जैसे खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं. जानें उनकी पूरी कहानी.

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 में ABVP ने चार में से तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है. यश डबास अध्यक्ष, रिया छावड़ी सचिव और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव चुने गए हैं. वहीं निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है. अंतिम परिणाम में यश डबास को 24,576, रिया छावड़ी को 21,650 और लक्ष्य राज सिंह को 16,615 वोट मिले. वहीं, उपाध्यक्ष पद पर दीपांशु शौकीन को 30,615 वोट मिले.

यश डबास कौन हैं?

ABVP के यश डबास ने 24,576 वोट हासिल कर DUSU अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की. उन्होंने NSUI के विजय शंकर मीना को पीछे छोड़ा, जिन्हें 22,523 वोट मिले. डबास का चुनावी मुद्दों में छात्रों की सुरक्षा और हॉस्टल-पीजी से जुड़े सवाल प्रमुख रहे. जीत के बाद उन्होंने हर कॉलेज, हॉस्टल और पीजी का सुरक्षा ऑडिट कराने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने की बात कही वह दिल्ली के कंझावला इलाके से आते हैं और उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है. डबास अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी भी रहे हैं. उन्होंने स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में ITF प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है. इसके अलावा वह CBSE नेशनल्स, SGFI नेशनल्स, खेलो इंडिया और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 में भी हिस्सा ले चुके हैं. India Today के अनुसार, वह दिल्ली विश्वविद्यालय में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं.

रिया छावड़ी कौन हैं?

ABVP की रिया छावड़ी ने DUSU सचिव पद पर जीत दर्ज की है. उन्हें 21,650 वोट मिले, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 14,869 वोट मिले. इस तरह रिया ने सचिव पद पर जीत हासिल की और DUSU के चार प्रमुख पदों में ABVP की हिस्सेदारी बढ़ाने में भूमिका निभाई. वह दिल्ली के बदरपुर स्थित मोड़बंद गांव की रहने वाली हैं और किसान परिवार से आती हैं. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री अरविंदो कॉलेज से पढ़ाई की है. रिया इंटर-कॉलेज स्तर की बास्केटबॉल खिलाड़ी भी हैं और चुनाव से पहले वह श्री अरविंदो कॉलेज में बीए प्रोग्राम के चौथे वर्ष में पढ़ रही थीं.

लक्ष्य राज सिंह कौन हैं?

ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की है. उन्हें 16,641 वोट मिले. जबकि निर्दलीय उम्मीदवार विशेष यादव को 15,778 और NSUI के गोपाल चौधरी को 15,106 वोट मिले. इस जीत के साथ ABVP ने चार केंद्रीय पदों में से तीन अपने नाम किए. वह राजस्थान के चूरू जिले से आते हैं. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से राजनीति विज्ञान में ग्रेजुएशन किया है. वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैंडबॉल खिलाड़ी हैं और एशियाई खेलों तथा विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उन्होंने राजस्थान की ओर से नेशनल गेम्स और दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से नेशनल यूनिवर्सिटी गेम्स में भी हिस्सा लिया है. चुनाव से पहले वह दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर में कानून की पढ़ाई कर रहे थे.

ये भी पढ़ें: DUSU Election Results : एबीवीपी ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के पद पर किया कब्जा, निर्दलीय दीपांशु शौकीन बने उपाध्यक्ष; NSUI-0

दीपांशु शौकीन कौन हैं?

निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने DUSU उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है. उन्हें 30,615 वोट मिले, जबकि ABVP के ईशू मौर्य को 16,910 और NSUI के वीर चतरथ को 4,313 वोट मिले. वह दिल्ली के पीरागढ़ी गांव से आते हैं. चुनाव से पहले वह NSUI से जुड़े रहे थे और संगठन से टिकट की कोशिश की थी, लेकिन बाद में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का फैसला किया. चुनाव प्रचार के दौरान वह नंगे पैर प्रचार करने को लेकर भी चर्चा में रहे. NDTV के अनुसार, सत्य निकेतन में छात्र आवास हादसे के बाद उन्होंने न्याय मिलने तक जूते नहीं पहनने का संकल्प लिया था.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार गुप्ता

दीपक कुमार गुप्ता 'प्रभात खबर डिजिटल' में कंटेंट राइटर हैं. इससे पहले वे 'ईटीवी भारत' में करीब ढाई साल तक कार्यरत रहे. इन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 2021 से वे पत्रकारिता से जुड़े हैं और इस दौरान 'न्यूज प्लस', 'अंतर्कथा विजन न्यूज' और 'पब्लिक ऐप' के साथ भी काम कर चुके हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >