पुलिस के मुताबिक, एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी गर्लफ्रेंड की उसके किराये के फ्लैट में चाकू मारकर हत्या कर दी. इसके कुछ घंटे बाद उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. मामले का खुलासा तब हुआ, जब महिला ने परिवार के फोन उठाने बंद कर दिए. चिंतित परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद फ्लैट में महिला का शव मिला. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन वजहों से युवक ने ऐसा किया.
महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली इशारा अय्यूबी के रूप में हुई है. वह गुरुग्राम के सेक्टर-55 में किराये के फ्लैट में रहती थी. पुलिस के मुताबिक, जब परिवार के कई बार फोन करने पर भी उसने जवाब नहीं दिया, तो परिजनों ने सेक्टर-56 थाने में इसकी सूचना दी.
चाकू से कई वार किए गए थे महिला पर
पुलिस जब फ्लैट पहुंची तो दरवाजा तोड़कर अंदर गई. वहां इशारा खून से लथपथ पड़ी मिली. शुरुआती जांच में पता चला कि उस पर चाकू से कई वार किए गए थे. इसके बाद फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाने का काम शुरू किया.
श्रेष्ठ मलिक इशारा से मिलने उसके फ्लैट गया था
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी 25 साल का सॉफ्टवेयर इंजीनियर श्रेष्ठ मलिक इशारा से मिलने उसके फ्लैट आया था. पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी कि गढ़ी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली. पुलिस के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर मिले युवक की पहचान उसके पास मिले मोबाइल फोन से श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई. जांच में दोनों मामलों का आपस में संबंध सामने आया. पुलिस का मानना है कि इशारा की हत्या करने के बाद उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी.
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी है. शुरुआती जांच में पता चला है कि घटना से महज तीन दिन पहले ही इशारा और श्रेष्ठ साथ रहने के लिए इस फ्लैट में आए थे. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. दोनों के रिश्ते की असलियत और घटना के पीछे की वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी.
