दिल्ली में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाला सूरज हरियाणा से गिरफ्तार

Delhi Minor Rape Case: डीसीपी श्वेता चौहान ने बताया कि दिल्ली के रंजीत नगर की नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी का फोटो सीसीटीवी फुटेज से निकाला गया.

नयी दिल्ली: दिल्ली में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म (Delhi Minor Rape Case) के आरोपी को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है. दिल्ली पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी को हरियाणा से पकड़ा गया है. सेंट्रल दिल्ली की डीसीपी श्वेता चौहान ने संवाददाताओं को बताया कि इस शख्स की गिरफ्तारी के लिए 7-8 टीमें बनायीं गयीं थीं. 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया. इसके बाद आरोपी की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

डीसीपी श्वेता चौहान ने बताया कि दिल्ली के रंजीत नगर की नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी का फोटो सीसीटीवी फुटेज से निकाला गया. सिर्फ सीसीटीवी फुटेज से मिली तस्वीर से उसकी गिरफ्तारी एक कठिन काम था. 100 से अधिक फुटेज खंगालने के बाद उसकी पहचान हो सकी. लेकिन, तब तक उसे मालूम हो गया था कि पुलिस उसे गिरफ्तार करने वाली है. इसलिए वह फरार हो गया.


Also Read: किशोरी से बलात्कार के आरोपी तैराकी कोच को दिल्ली से गोवा लाया गया

दुष्कर्म की शिकार बच्ची का नयी दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है. बताया गया है कि बर्तन बेचने वाला सूरज बच्ची और उसके परिवार को पहले से जानता था. बच्ची का पिता दिहाड़ी मजदूर है. पुलिस ने बताया कि बच्ची के परिवार ने बताया कि शुक्रवार को बच्ची पास के एक सामूहिक भोज में गयी थी. वहां से लौटी, तो उसके रक्तस्राव हो रहा था. उसे डॉक्टर के पास ले गये, तो मालूम हुआ कि बच्ची के साथ बलात्कार हुआ है.

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की और सर्विलांस फुटेज से आरोपी की तस्वीर निकाली और बाद में हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया. जांच में पता चला है कि आरोपी सूरज को पहले भी एक नाबालिग के साथ गंदी हरकत करने के लिए गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने सूरज के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

Posted By: Mithilesh Jha

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >