छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खबर है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी कर दी है. रक्षाबंधन से पहले सरकार ने 67 लाख 28 हजार 918 महिलाओं के बैंक खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये ट्रांसफर किए हैं.
मुख्यमंत्री ने 25 अगस्त को बालोद जिले के डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह के दौरान यह राशि जारी की.
31वीं किस्त में कितनी राशि मिली?
- महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इस बार 31वीं किस्त के रूप में कुल 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी गई है.
- सरकार के अनुसार, योजना शुरू होने के बाद अब तक 30 किस्तों में करीब 19,444 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है. 31वीं किस्त जारी होने के बाद लाभार्थियों को मिलने वाली कुल सहायता में और इजाफा हुआ है.
खाते में पैसा आया या नहीं, ऐसे चेक करें स्टेटस
अगर आप महतारी वंदन योजना की लाभार्थी हैं और जानना चाहती हैं कि 31वीं किस्त आपके खाते में आई है या नहीं, तो ऑनलाइन स्टेटस चेक कर सकती हैं.
स्टेटस चेक करने का तरीका:
- सबसे पहले महतारी वंदन योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं.
- महतारी वंदन योजना लाभार्थी आवेदन एवं भुगतान की स्थिति वाले विकल्प पर क्लिक करें.
- यहां लाभार्थी आईडी, मोबाइल नंबर या आधार नंबर में से किसी एक की मदद से जानकारी दर्ज करें.
- कैप्चा भरकर सबमिट करें.
- इसके बाद स्क्रीन पर आपके आवेदन और भुगतान की स्थिति दिखाई देगी.
- यहां आप देख सकती हैं कि आपके खाते में पैसा आया या नहीं.
ये भी पढ़ें: 12 महीने की पेड फेलोशिप और 7.38 लाख स्टाइपेंड का मौका! जानें कौन कर सकता है आवेदन
रक्षाबंधन से पहले क्यों जारी की गई किस्त?
महतारी वंदन योजना की यह किस्त सामान्य तौर पर बाद में जारी होनी थी, लेकिन सरकार ने रक्षाबंधन से पहले महिलाओं के खातों में राशि भेजने का फैसला किया. सरकार का कहना है कि इससे महिलाओं को त्योहार के समय अतिरिक्त आर्थिक मदद मिलेगी.
योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है. लाभार्थी इस राशि का इस्तेमाल घर की जरूरतों के अलावा स्वास्थ्य, चिकित्सा, पोषण और अन्य जरूरी खर्चों के लिए कर रही हैं. कुछ महिलाएं अपनी बेटियों के भविष्य के लिए इस राशि को सुकन्या समृद्धि योजना में भी जमा कर रही हैं.
पढ़िए देश दुनिया और बिहार झारखंड की ओरिजिनल खबर
