Maharashtra Hill Tragedy: छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव में हुई दर्दनाक घटना से जुड़ा एक नया वीडियो सामने आया है. इसमें 18 वर्षीय कुणाल चांदवड़े को सुरक्षित वापस लाने के लिए उसकी मां और आसपास मौजूद लोग लगातार समझाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में एक समय कुणाल की मां घुटनों के बल बैठकर उसकी ओर झुकती दिखाई देती हैं और उसे वापस आने के लिए मनाने की कोशिश करती हैं. इसके बावजूद स्थिति नहीं संभली और आखिरकार कुणाल, उसके पिता और उसकी मां की जान चली गई.
करीब तीन घंटे तक बेटे को समझाती रही मां
घटना शुक्रवार की है. कुणाल सुबह करीब 10 बजे खवड्या डोंगर पहुंचा था. वह पहाड़ी के किनारे के पास ही रुका रहा. उसके माता-पिता, ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों और फायर ब्रिगेड के जवानों ने उसे सुरक्षित स्थान पर लौटने के लिए काफी देर तक समझाने की कोशिश की. करीब तीन घंटे तक यह कोशिश चलती रही. खड़ी चट्टान के नीचे फायर ब्रिगेड की टीम ने सुरक्षा के लिए नेट भी लगाया था.
इसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर चल रहे हैं. अब तीन मिनट का एक नया वीडिया सामने आया, जिसमें कुणाल की मां पहाड़ी के निचले हिस्से में उसके नजदीक खड़ी होकर लगातार उससे बात करती नजर आती हैं. कुणाल भी उनकी बातों का जवाब देता है. आसपास मौजूद दूसरे लोग भी उसे किनारे से पीछे हटने के लिए समझाते रहते हैं. वीडियो में एक पुलिसकर्मी भी मौके पर दिखाई देता है.
हेलमेट की ओर इशारा कर मां ने की बात
बातचीत के दौरान कुणाल की मां एक जगह बैठ जाती हैं और जमीन पर पड़े हेलमेट की तरफ इशारा करती हैं. कुणाल भी उसी हेलमेट की ओर इशारा करते हुए अपनी मां से बातचीत करता दिखाई देता है. वहां मौजूद कई लोग नजर आते हैं, जो कुणाल से बात कर रहे हैं और उसे पीछे आने के लिए कह रहे हैं. मां लगातार बेटे को समझाती रहती हैं.
मां घुटनों के बल बैठकर बेटे से करती दिखीं गुहार
वीडियो का सबसे भावुक हिस्सा तब सामने आता है, जब कुणाल की मां घुटनों के बल बैठकर उसकी ओर झुकती हैं. ऐसा प्रतीत होता है कि वह बेटे से पीछे हटने और सुरक्षित जगह आने की गुहार कर रही हैं. आसपास खड़े लोग उन्हें उठने के लिए कहते हैं और खुद भी कुणाल को समझाने का प्रयास जारी रखते हैं.
कुछ लोग कुणाल की तरफ आगे बढ़ते हैं, लेकिन जब वह किनारे की ओर और आगे जाता है तो वे पीछे हट जाते हैं. इस दौरान उसकी मां उसे पुकारती हुई दोबारा आगे बढ़ने की कोशिश करती हैं, लेकिन वहां मौजूद लोग उन्हें पीछे खींच लेते हैं.
देखें वीडियो-
पिता ने भी बेटे को बचाने की कोशिश की
घटना के दौरान कुणाल के पिता मुरलीधर भी मौके पर पहुंच चुके थे. जब वह कुणाल को बचाने के लिए उसकी तरफ बढ़े, तब स्थिति बेहद गंभीर हो गई. कुणाल ने आखिरकार छलांग लगा दी और उसे बचाने की कोशिश कर रहे उसके पिता भी उसके साथ नीचे गिर गए. इस हादसे में कुणाल और उसके पिता मुरलीधर दोनों की मौत हो गई. बच्चे और पति को खाई में गिरता देख मां ने भी छलांग लगा दी और कुछ देर बाद कुणाल की मां संगीता की भी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें:- ओडिशा: बाढ़ में 5 दिन पेड़ से लटके रहे सुंनंदा, कैसे बची जान? समझें शरीर का ‘सर्वाइवल मोड’
सरपंच ने भी iPhone देने की बात कही थी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुणाल अपने माता-पिता से iPhone खरीदने को लेकर नाराज और परेशान था. बताया गया कि उसके माता-पिता ने उसे iPhone खरीदकर देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद वह खवड्या डोंगर पहुंच गया. उसे समझाने की कोशिश करने वालों में तिसगांव के सरपंच संजय जाधव भी शामिल थे.
जाधव ने बाद में बताया कि उन्होंने कुणाल से बार-बार कहा कि वह अपनी मां के बारे में सोचे और ऐसा कदम न उठाए. उसे बातचीत में व्यस्त रखने की कोशिश भी की गई. जाधव ने कुणाल से यहां तक कहा कि वह उसे iPhone देने के लिए तैयार हैं, ताकि उसका ध्यान दूसरी तरफ लगाया जा सके और उसे सुरक्षित जगह वापस लाया जा सके.
फायर ब्रिगेड ने नीचे लगाया था सुरक्षा नेट
कुणाल के लंबे समय तक पहाड़ी के किनारे रहने के दौरान प्रशासन और बचाव दल भी लगातार सक्रिय रहे. फायर ब्रिगेड की टीम ने खड़ी चट्टान के नीचे सुरक्षा नेट लगाया था, ताकि किसी भी तरह से उसकी जान बचाई जा सके. पुलिस और ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे और अलग-अलग तरीके से उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे. इसके बावजूद करीब तीन घंटे तक चले प्रयासों के बाद भी उसे सुरक्षित वापस नहीं लाया जा सका.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना के बाद पुलिस ने मुश्किल और दुर्गम इलाके से तीनों शवों को बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस अब मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर रही है. जांच अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा और तीनों की मौत की परिस्थितियां क्या थीं.
ये भी पढ़ें:- रेलवे की चादर ओढ़े 3 लोग वायरल, 4 साल में 1.27 करोड़ बेडरोल आइटम गायब होने का दावा
