इंग्लैंड में कोरोना वायरस के नये स्वरूप (स्ट्रेन) के पांव पसारने की खबर से भारत भी चिंतित है. बताया जा रहा है कि ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन सामने आया है, जो बहुत ही खतरनाक है. इस खबर के प्रकाश में आने के बाद यूरोप के कई देशों ने यूके जाने वाली फ्लाइट पर बैन लगा दिया है. अब भारत में भी ऐसी ही मांग जोर पकड़ रही है. सोमवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ-साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मसले पर अपनी राय रखी और ट्वीट किया.
केजरीवाल का ट्वीट : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन को लेकर ट्वीट किया और कहा कि यूनाइटेड किंगडम में कोरोना के नये स्ट्रेन से हलचल है. वो सुपर स्प्रेडर की तरह काम कर रहा है. ऐसे में भारत सरकार को यूके की सभी फ्लाइट पर बैन लगाने का निर्णय तुरंत लेना चाहिए.
अशोक गहलोत का ट्वीट : इधर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि यूनाइटेड किंगडम में कोरोना की नई स्ट्रेन की खबर चिंता बढा रही है. भारत सरकार को इस मामले में तुरंत अलर्ट हो जाना चाहिए और एक्शन लेना चाहिए. आगे उन्होंने कहा कि UK, अन्य यूरोपीय देशों से आने वाले विमान पर तुरंत रोक लगानी चाहिए. राजस्थान के मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि भारत को अन्य देशों के साथ भी किसी तरह की मूवमेंट पर सतर्कता बरतने की जरूरत है. साथ ही यदि वायरस के नये स्ट्रेन का कोई मामला आता है, तो मेडिकल एक्सपर्ट को तैयार रखने की जरूरत है.
हर्षवर्धन ने कहा : ब्रिटेन में सामने आए कोरोना के इस नए रूप को लेकर अब भारत में चिंता बढ रही है. इसको लेकर निर्माण भवन में ज्वाइंट मॉनिटिरिंग ग्रुप की बैठक है, जो इस नये स्ट्रेन पर चर्चा करने का काम करेगी. इधर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि अभी से ही इसको लेकर पैनिक होने की जरूरत नहीं है. हमारे वैज्ञानिक इसपर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन होने की आवश्यकता नहीं है.
नया स्ट्रेन VUI-202012/01 : यहां चर्चा कर दें कि ब्रिटेन में कोरोना का नया स्ट्रेन VUI-202012/01 पाया गया है, जिसके बाद से पूरी दुनिया में हलचल तेज हो गई है. ब्रिटेन ने भी अपने यहां सख्ती बढ़ाने का काम किया है. जबकि फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड समेत यूरोप के कई देशों ने यूके की फ्लाइट पर ही बैन लगाने का काम किया है.
Posted By : Amitabh Kumar
