Leander Paes Join BJP: टेनिस स्टार की कुछ दिन पहले कोलकाता में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात हुई थी. जिसके बाद उनके पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं.
2021 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे पेस
पेस 2021 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे. 2022 के गोवा विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी के लिए प्रचार भी किया था. हालांकि उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था.
बीजेपी में शामिल होते ही पेस ने युवाओं की सेवा का लिया संकल्प
BJP में शामिल होने के बाद लिएंडर पेस ने कहा- यह मेरी जिंदगी का एक बड़ा दिन है. मैं PM मोदी, अमित शाह जी और नितिन नवीन जी का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा. यह मेरे लिए खेल और युवाओं की सेवा करने का एक बड़ा मौका है. मैंने 40 साल तक देश के लिए खेला, अब युवाओं की सेवा करने का समय है. खेलो इंडिया आंदोलन और TOPS योजना सचमुच बहुत बढ़िया हैं. मैं जानता हूं कि किरण रिजिजू जी ने टोक्यो ओलंपिक में हमारे दल के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए कितने जुनून से काम किया है. उन्होंने PM द्वारा सौंपी गई अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया. आज, भारत दुनिया का सबसे युवा देश है.
अगले 20-25 सालों में खेल शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए : पेस
लिएंडर पेस ने कहा- हमें अगले 20-25 सालों में खेल शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए. 1986 में, पश्चिम बंगाल में खेल का ज्यादा बुनियादी ढांचा नहीं था. आज भी, देश में कोई इनडोर टेनिस कोर्ट नहीं है. बंगाल, तमिलनाडु, बिहार और बेहतर कर सकते हैं, लेकिन हमें खेल शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को प्रेरित करने और उन्हें सशक्त बनाने पर ध्यान देने की जरूरत है. मेरा सपना भारत में महिला सशक्तिकरण के लिए समान अवसर वाली छात्रवृत्ति का एक कार्यक्रम शुरू करना है.
सुकांत मजूमदार ने पेस का बीजेपी में किया स्वागत
लिएंडर पेस के BJP में शामिल होने पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, मैं टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस का BJP में स्वागत करता हूं. आज हमारे लिए बहुत बड़ा दिन है. वह अपने टेनिस से बंगाल के युवाओं को प्रेरित करते हैं. आने वाले चुनावों में, वह हमारी पार्टी को मजबूती देंगे. यह साफ संकेत है कि अब भगवा लहर चल रही है. लिएंडर पेस 19वीं सदी के मशहूर बंगाली कवि और नाटककार माइकल मधुसूदन दत्त के सीधे वंशज हैं.
