गुवाहाटी के नूनमाटी इलाके में हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मंगलवार की सुबह के इस लैंडस्लाइड ने इनके घर को निशाना बनाया. जिसमें पूरा परिवार फंस गया था. हालांकि इसी परिवार के एक और सदस्य जो मलबे के ढेर में फंसे हुए थे, उन्हें रेस्क्यू कर लिया गया है और फिलहाल उनका इलाज जारी है.
मलबे से जिंदा निकला बेटा
एनडीटीवी की रिपोर्ट में बताया गया कि गुवाहाटी के माथघरिया इलाके में सुबह करीब 8 बजे पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक खिसककर एक घर पर जा गिरा. हादसे के वक्त परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे. मलबे में दबने से 44 वर्षीय नागेन राजबोंग्शी, उनकी 38 वर्षीय पत्नी सानू राजबोंग्शी और 12 वर्षीय बेटी मीना की मौत हो गई. वहीं, 19 वर्षीय बेटा बिप्लब राजबोंग्शी मलबे से जिंदा निकाला गया. उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कई वर्षों से इसी इलाके में रह रहा था परिवार
जिला आपदा प्रबंधन विभाग की सुरक्षा टीमों ने मलबा हटाकर तीनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) भेज दिया. शुरुआती जांच में हादसे की वजह लगातार हो रही भारी बारिश को माना जा रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहाड़ी के ऊपर की मिट्टी खिसककर सीधे घर पर आ गिरी. परिवार कई वर्षों से इसी इलाके में रह रहा था और नागेन दिहाड़ी मजदूरी करते थे.
बारिश के कारण बना हुआ है भूस्खलन का खतरा
गुवाहाटी में भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया है. शहर के अमसिंग और आठगांव इलाकों में भी बड़े भूस्खलन की सूचना है, जहां दो लोगों की मौत की बात सामने आई है, हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.
ये भी पढ़ें: MP ka mausam: अभी नहीं थमेगी बारिश! 4 सितंबर तक कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने बताया पूरा अपडेट
