Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून की जोरदार बारिश हो रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में उत्तर, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. आईएमडी के मुताबिक बीते 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, मिजोरम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश, असम, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश हुई.
दिल्ली-UP से उत्तराखंड तक बारिश का अलर्ट
- मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिम भारत में उत्तराखंड में 21 से 27 अगस्त तक कई जगह बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा.
- हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 21 और 22 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है. पंजाब में भी 21 और 22 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है.
- पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 और 22 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है, जबकि 22 से 24 अगस्त के दौरान बारिश का दायरा और बढ़ सकता है.
- हिमाचल प्रदेश में 21-22 अगस्त और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र में 21 से 23 अगस्त तक कई जगह बारिश हो सकती है.
मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश का खतरा
मध्य भारत में सबसे ज्यादा असर मध्य प्रदेश में दिखाई दे सकता है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 21 और 22 अगस्त को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 23 से 26 अगस्त तक भी कुछ जगह भारी बारिश जारी रह सकती है.
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 से 25 अगस्त के दौरान कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 21 से 27 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा.
बिहार-झारखंड और ओडिशा में बढ़ेगी बारिश
- पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और ओडिशा में अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. बिहार में 22 से 24 अगस्त के दौरान कई जगहों पर बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है.
- झारखंड में 22 से 27 अगस्त के बीच बारिश का दायरा बढ़ने का अनुमान है. 23 अगस्त को कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है.
- ओडिशा में 22 और 23 अगस्त को भारी बारिश और 24 से 27 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
बंगाल-सिक्किम में भी बरसेंगे बादल
गांगेय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 21 से 27 अगस्त तक कई जगह बारिश हो सकती है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 21 से 26 अगस्त तक कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. गांगेय पश्चिम बंगाल में भी अलग-अलग दिनों में भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.
पूर्वोत्तर भारत में कई दिनों तक भारी बारिश
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले कई दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है. असम और मेघालय में 21 से 27 अगस्त तक कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 से 24 अगस्त के दौरान भारी बारिश का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश में भी अलग-अलग दिनों में भारी बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत में बारिश में आएगी कुछ कम
अगले एक सप्ताह के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियां कुछ कम रह सकती हैं. फिर भी तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में कई जगह बारिश जारी रह सकती है.
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में आंधी-बिजली के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी 21 से 25 अगस्त के दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है.
Also Read: UP के 7, MP के 9 इलाकों में अगले 48 घंटे भारी बारिश, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी
