जस्टिन ट्रूडो की कष्टदायक भारत यात्रा! जानें कब होगी कनाडा वापसी

हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. जस्टिन ट्रूडो मंगलवार अपराह्न तक कनाडा के लिए रवाना हो सकते हैं. जानें कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने क्या दी ताजा जानकारी

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भारत में फंसे हुए हैं. दरअसल, भारत में जी-20 समिट का आयोजित किया गया था जिसका समापन रविवार को ही हो गया. इस आयोजन के बाद जो बाइडेन, ऋषि सुनक, इमैनुएल मैक्रों समेत तमाम मेहमान वापस हो चुके हैं, लेकिन कनाडा के पीएम अब भी दिल्ली में ही हैं. इसकी वजह कोई द्विपक्षीय वार्ता नहीं है बल्कि विमान का खराब होना है.

इस बाबत कनाडा का बयान सामने आया है. कनाडा की ओर से कहा गया है कि प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और उनके प्रतिनिधिमंडल का राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जल्द से जल्द प्रस्थान मंगलवार अपराह्न तक संभव है और देश के सशस्त्र बल उन्हें घर वापस लाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास जारी रखे हुए हैं.

आपको बता दें कि जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को दिल्ली जस्टिन ट्रूडो पहुंचे थे. उनको रविवार को स्वदेश रवाना होना था, लेकिन उनके विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण इसमें देरी हो गयी है. इससे पहले एक सूत्र ने कहा था कि ट्रूडो के लिए एक अन्य विमान की व्यवस्था की जा रही है, जिसके सोमवार रात 10 बजे के आसपास पहुंचने की संभावना है.

कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीटीआई-भाषा को भेजे एक ई-मेल में कहा कि कनाडाई सशस्त्र बल प्रतिनिधिमंडल को घर लाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास जारी रखे हुए हैं. प्रेस सचिव मोहम्मद हुसैन ने बयान में कहा है कि हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. वह मंगलवार अपराह्न तक कनाडा के लिए रवाना हो सकते हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कनाडाई समकक्ष के साथ बैठक के दौरान कनाडा में चरमपंथी तत्वों द्वारा लगातार ‘भारत विरोधी गतिविधियों’ के बारे में ‘गंभीर चिंता’ जताई थी और कहा कि ऐसे खतरों से निपटने में दोनों देशों के लिए सहयोग करना आवश्यक है. आपको बता दें कि भारत और कनाडा के बीच संबंधों में गिरावट देखी गई है, ओटावा ने हाल ही में नई दिल्ली के साथ व्यापार संधि पर बातचीत निलंबित कर दी.

इस बीच कनाडा में राजनीति भी तेज हो चुकी है. कनाडा की विपक्षी कंजरवेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिवरे का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि अब पीएम ट्रूडो को पता चला होगा कि विमान खराब होने और फ्लाइट लेट होने से क्या होता है. यह वैसा ही है, जैसे उनके द्वारा कनाडा के लोगों को एयरपोर्ट्स के संचालन में गड़बड़ी के जरिए परेशान किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >