जनकपुरी हादसा: कैंडल मार्च के खिलाफ पुलिस का एक्शन, हिरासत में ‘आप’ नेता सौरभ भारद्वाज

Janakpuri Incident: दिल्ली के जनकपुरी में बीते दिनों हुई बाइक सवार कमल ध्यानी की मौत के मामले में सियासत गरमाने लगी है. आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. भारद्वाज कैंडल मार्च करते हुए पीड़ित परिवार के घर पहुंचे थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

Janakpuri Incident: दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज को हिरासत में ले लिया है. दिल्ली पुलिस ने भारद्वाज को उस समय हिरासत में ले लिया जब वे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जनकपुरी हत्याकांड के विरोध में कैंडल मार्च निकालने घटनास्थल के पास पहुंचे थे. गिरफ्तारी के बाद सौरभ भारद्वाज ने कहा “कानून व्यवस्था पर किसी का ध्यान नहीं है. जो लोग आवाज उठा रहे हैं उसकी आवाज को दबाने का काम हो रहा है और कोई काम नहीं हो रहा है.” उन्होंने कहा कि हम लोग आवाज उठाते रहेंगे.

इससे पहले कैंडल मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की ओर से की गई बैरिकेडिंग के खिलाफ AAP के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट कर कहा “आज हम जनकपुरी में मारे गए कमल ध्यानी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे. पुलिस से जगह जगह बैरिकेड लगा दिए. हमने कहा कोई नाराजगी नहीं हो रही , सिर्फ मोमबत्ती जलाकर चले जाएंगे. क्या अब इतना भी करना अपराध है.

जनकपुरी हादसे में जारी है जांच

दिल्ली पुलिस ने जनकपुरी हादसे बाइक सवार कमल ध्यानी की मौत मामले में एक मजदूर को रविवार को गिरफ्तार किया. इससे पहले उप-ठेकेदार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था. पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दरादे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस ने योगेश नामक मजदूर को गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया उस पर आरोप है कि उसने बाइक सवार के गिरने की सूचना पुलिस या आपातकालीन सेवाओं को नहीं दी और बाद में जब बाइक सवार के परिजन उसके बारे में जानकारी लेने पहुंचे तो उन्हें गुमराह किया. पुलिस उपायुक्त ने बताया कि योगेश हादसे के समय मौके पर मौजूद था. योगेश बाद में वहां से फरार हो गया था. पुलिस ने योगेश को यूपी के फिरोजाबाद से गिरफ्तार किया.

15 फुट गहरे गड्ढे में गिर गया था कमल

पुलिस के अनुसार, कैलाशपुरी का रहने वाला कमल ध्यानी बीते गुरुवार की रात जनकपुरी में करीब 15 फुट गहरे गड्ढे में गिर गया था. यह हादसा उस समय हुआ जब वो अपने घर लौट रहा था. पुलिस ने बताया कि पीड़ित के परिजनों ने पूरी रात कई अस्पतालों, पुलिस थानों और विभिन्न इलाकों में, गड्ढे के आसपास भी, उसकी तलाश की, लेकिन कहीं भी किसी हादसे का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला. पुलिस ने बताया कि बाद में मोबाइल फोन लोकेशन डेटा के आधार पर परिजनों और पुलिस कर्मियों ने जनकपुरी इलाके में तलाश तेज की और कई घंटे बाद दुर्घटनास्थल का पता चला. (इनपुट भाषा)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pritish sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >