महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में iPhone की किस्त ने एक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया. पुलिस के मुताबिक, 18 साल के कुणाल ने iPhone तो खरीद लिया, लेकिन उसकी EMI भरना उसके लिए मुश्किल हो गया. इसी बात को लेकर परिवार में विवाद बढ़ा. देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ा कि कुणाल और उसके पिता पहाड़ से नीचे गिर गए. इसके बाद उसकी मां ने भी चट्टान से छलांग लगा दी. पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई.
वीडियो में दिख रहा है कि जब कुणाल पहाड़ी से छलांग लगाने की धमकी दे रहा था, तो एक व्यक्ति ने उससे कहा, “अपनी मां के लिए जियो…” लेकिन कुणाल ने जवाब दिया कि उसे मरना ही है और यही एक रास्ता बचा है. कुछ देर बाद उसके पिता मुरलीधर चांदगुड़े उसे समझाने और पीछे खींचने पहुंचे, लेकिन दोनों पहाड़ी से नीचे गिर गए. इसके बाद मां संगीता ने भी छलांग लगा दी.
मौत ही एकमात्र रास्ता बचा : कुणाल
संजय जाधव ( तिसगांव के पूर्व सरपंच हैं) उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने कुणाल को समझाने की कोशिश की. कुछ लोगों ने उसे iPhone 15 Pro दिलाने तक का भरोसा दिया. जाधव के मुताबिक, सभी ने उससे कहा कि वह अपनी मां के बारे में सोचे, छलांग न लगाए और उसका पूरा भविष्य आगे पड़ा है. लेकिन कुणाल लगातार यही कहता रहा कि उसके लिए मौत ही एकमात्र रास्ता बचा है.
पिता से कहासुनी हो गई कुणाल की
पुलिस के मुताबिक, कुणाल ने iPhone खरीदा था, लेकिन उसकी EMI चुकाने के लिए वह परिवार से पैसे मांग रहा था. इसी बात को लेकर उसकी अपने पिता से कहासुनी हो गई. विवाद के बाद गुस्से में कुणाल घर से निकल गया और सुबह करीब 10 बजे तिसगांव इलाके की एक पहाड़ी पर पहुंच गया. यह इलाका वालुज एमआईडीसी थाना क्षेत्र में आता है. इसके बाद उसने पहाड़ी से छलांग लगाने की धमकी दी, जिससे वहां लोगों की भीड़ जुट गई.
कुणाल के पीछे उसके माता-पिता भी पहाड़ी पर पहुंच गए. वहां मौजूद स्थानीय लोगों के साथ उन्होंने करीब तीन घंटे तक उसे समझाने और नीचे आने के लिए मनाने की कोशिश की. मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी मौजूद थी. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कुणाल को गिरने से बचाने के लिए वहां सुरक्षा जाल क्यों नहीं लगाया जा सका.
कुणाल के पिता ने उसे पीछे खींचने की कोशिश की
दोपहर करीब 1 बजे, यानी करीब तीन घंटे तक समझाने के बाद कुणाल के पिता उसके पास पहुंचे और उसे पहाड़ी के किनारे से पीछे खींचने की कोशिश की. इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गहरी खाई में गिर गए. पति और बेटे को गिरते देख कुणाल की मां संगीता भी कुछ ही देर बाद पहाड़ी से कूद गईं. इस हादसे में तीनों की मौत हो गई.
मौके पर ही मौत हो गई तीनों की
पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में कुणाल, उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने तीनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं. मामले में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस घटना की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
