IMD Weather Forecast: कड़ाके की ठंड में बारिश और बर्फबारी, मौसम ले रहा करवट, तेज हवा का अलर्ट

IMD Weather Forecast: उत्तर भारत के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम में बदलाव दिख सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.

IMD Weather Forecast: देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ मैदानी इलाकों में में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है. मौसमी गतिविधियों के कारण उत्तर भारत के कई इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है. वहीं एक और तीव्र पश्चिमी विक्षोभ 26 से 28 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है.

  • 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में काफी व्यापक से लेकर व्यापक बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है.
  • 23 जनवरी को पंजाब में कई इलाकों में मध्यम से लेकर जोर की बारिश हो सकती है. 23 जनवरी को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश हो सकती है. 23 और 24 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
  • 23 जनवरी को उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बिजली कड़कने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है.
  • 23 जनवरी को कश्मीर घाटी, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
  • 25 और 26 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में, 26 जनवरी को केरल और माहे में बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है.

कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी, बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर में गुरुवार को कड़ाके की ठंड पड़ी. अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर के अधिकतर स्थानों पर रात के तापमान में कमी आई और पूरी घाटी में तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे बना रहा. इससे पहले श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में एक डिग्री कम था. सोनमर्ग घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.

पंजाब और हरियाणा में भीषण ठंड जारी

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में गुरुवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा. इस दौरान होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर में भी भीषण ठंड की स्थिति बनी रही, जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बठिंडा में यह पांच डिग्री सेल्सियस रहा. इसी के साथ, गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री दर्ज किया गया. वहीं हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि हिसार में यह 4.6 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा. मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में भी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा. कुछ स्थानों पर पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण हल्की बारिश हो सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >