बिहार के उन छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है, जो हाईयर एजुकेशन के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लोन लेने वाले हैं. राज्य सरकार ने 10 दिन पहले लिया अपना फैसला वापस ले लिया है. अब छात्रों को पहले की तरह 4 लाख रुपये तक का शिक्षा लोन मिलेगा.
सरकार ने 19 अगस्त को लोन की सीमा 4 लाख से घटाकर 2 लाख रुपये कर दी थी. इस फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच काफी चिंता थी. विपक्ष ने भी सरकार को इस मुद्दे पर घेरा था. अब 29 अगस्त को सरकार ने नया आदेश जारी कर 19 अगस्त वाले फैसले को रद्द कर दिया है.
2 लाख वाला फैसला अब नहीं रहेगा
- उच्च शिक्षा विभाग ने शनिवार को इस बारे में नई अधिसूचना जारी की है.
- इसमें कहा गया है कि 19 अगस्त 2026 को जारी किया गया आदेश और उसे लागू करने की प्रक्रिया रद्द कर दी गई है.
- जिसका मतलब हुआ कि अब स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में 2 लाख रुपये की सीमा नहीं रहेगी.
- छात्रों को फिर से 4 लाख रुपये तक शिक्षा लोन मिल सकेगा.
ये भी पढ़ें: दिल्ली लक्ष्मी योजना: ₹2,500 पर सरकार का खास प्लान, महिलाओं को मिलेगा डबल बचत का मौका
2 लाख की लिमिट क्यों की गई थी?
- 19 अगस्त को सरकार ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में बदलाव किया था. जिसके तहत बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम से मिलने वाले लोन की सीमा 4 लाख से घटाकर 2 लाख रुपये कर दी गई थी.
- हालांकि अगर किसी छात्र को 2 लाख रुपये से ज्यादा की जरूरत होती, तो उसे बाकी रकम के लिए प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी पोर्टल के जरिए बैंक से शिक्षा लोन लेने की बात कही गई थी.
- सरकार ने उस समय कहा था कि छात्रों को मिलने वाली कुल लोन सुविधा 4 लाख रुपये तक ही रहेगी. बस, 2 लाख रुपये से ज्यादा की रकम बैंक के जरिए मिलेगी.
- लेकिन इस बदलाव से छात्रों की चिंता बढ़ गई थी. खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों को डर था कि बैंक से लोन लेने पर उन्हें ब्याज भी देना पड़ेगा. क्योंकि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के तहत मिलने वाले लोन के लिए ब्याज नहीं देना होता है.
अब छात्रों को क्या फायदा होगा?
- अब सरकार ने पुरानी व्यवस्था फिर से लागू कर दी है. यानी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत छात्र बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम से 4 लाख रुपये तक का लोन ले सकेंगे.
- इससे उन छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें कॉलेज की फीस, हॉस्टल, किताबों और पढ़ाई से जुड़े दूसरे खर्चों के लिए ज्यादा पैसे की जरूरत होती है.
ये भी पढ़ें: 15 हजार रुपये की कमी से शुरू हुआ भारत का गोल्डन सफर, जब ध्यानचंद ने दिलाया पहला ओलंपिक हॉकी गोल्ड
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लिए कैसे करें अप्लाई?
- बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लोन लेने के लिए छात्र को सबसे पहले बिहार सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा.
- नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल और दूसरी जरूरी जानकारी भरने के बाद ओटीपी से वेरिफिकेशन करना होगा.
- रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करके बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना चुनें और आवेदन फॉर्म भरें. इसमें कॉलेज, कोर्स, फीस और व्यक्तिगत जानकारी देनी होगी.
- इसके साथ आधार कार्ड, 10वीं-12वीं की मार्कशीट, एडमिशन लेटर, फीस स्ट्रक्चर, निवास और आय प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. फॉर्म सबमिट करने के बाद मिलने वाला एक्नॉलेजमेंट नंबर संभालकर रखें.
- इसके बाद दस्तावेजों की जांच के लिए छात्र को अपने जिले के डीआरसीसी केंद्र जाना होगा. यहां मूल दस्तावेजों का वेरिफिकेशन होगा. प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमों के मुताबिक लोन मंजूर किया जाएगा
