Rain Alert: हिमाचल प्रेदश के कई इलाकों में मौसम का मूड बिगड़ा हुआ है. मौसम विभाग ने मंगलवार को कई स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में बारिश का सिलसिला 16 मई तक जारी रह सकता है. विभाग ने बताया कि 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम और बिगड़ने की संभावना है.
12 से लेकर 16 मई तक बारिश, तेज हवा और हिमपात की चेतावनी
- भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि 12 और 13 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकती है.
- 14, 15 और 16 मई को कुछ इलाकों में मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है.
- 17 मई को भी राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश और हिमपात का दौर जारी रह सकता है.
तेज आंधी और बारिश से भारी नुकसान
शिमला मौसम केंद्र के मुताबिक सोमवार को कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में मौसम बिगड़ा रहा. कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और अचानक हुई भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई. कई जगह पेड़ उखड़ गए, घरों, स्कूलों और गौशालाओं की छतें उड़ गईं. वाहनों के भी क्षतिग्रस्त होने की खबर है. कई मवेशियों की भी मौत हो गई. मौसम विभाग के मुताबिक शिमला, जोत, मुरारी देवी, सुंदरनगर, भुंतर, जुब्बरहट्टी और कांगड़ा में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हुईं. वहीं सुंदरनगर, सेओबाग और बिलासपुर में 57 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं.
कुल्लू और शिमला में नुकसान
आईएमडी के मुताबिक कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र के घालिंचा, घरयाल, कामेडा और कंडी गांवों में कम से कम पांच घरों और दस गौशालाओं की छतें उड़ गईं. वहीं, शिमला और कांगड़ा के कुछ इलाकों में पेड़ गिरने से बिजली की तारें क्षतिग्रस्त हो गईं. जलोरी दर्रे में एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई.
मंडी में वाहन क्षतिग्रस्त, मवेशियों की मौत
मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. वहीं, क्षेत्र के एक अन्य गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दर्जनों मवेशियों की मौत हो गई. कांगड़ा जिले के वृंदावन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने के दौरान हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई. बताया गया कि मरम्मत कार्य के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बहाल हो गई थी.
बैजनाथ और छोटा भंगाल में भी तबाही
तेज हवाओं के कारण बैजनाथ उपमंडल के पापरोला और छोटा भंगाल क्षेत्रों में भी भारी नुकसान हुआ. कई पेड़ उखड़ गए, सड़कें बंद हो गईं और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. हालांकि प्रशासन ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है और सामान्य स्थिति बहाल करने का काम तेजी से जारी है.
