आंधी, बारिश और ओलावृष्टि… अगले 48 घंटे में इन राज्यों में बदलेगा मौसम, IMD का अलर्ट

Heavy Rain Warning: Heavy Rain Warning: देश के अधिकांश हिस्सों, खासकर उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी का दौर जारी है. इस बीच कई इलाकों में आंधी और बारिश भी हो रही है. मौसम विभाग का भी अनुमान है कि आने वाले दिनों में कई अन्य इलाकों में मौसम तेजी से करवट ले सकता है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर, दक्षिण, पूर्वी, उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है.

Heavy Rain Warning: भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 और 25 मई के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 29 मई को ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. वहीं मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है. पश्चिमी भारत के कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.

पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत में 24 से 27 मई के बीच मौसम एक्टिव रहने वाला है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. खासतौर पर असम और मेघालय में 24 और 25 मई तक बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं अरुणाचल प्रदेश में 25 से 27 मई के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कई जगहों पर तेज हवा भी चलने की संभावना है. हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

बिहार-झारखंड समेत पूर्वी भारत में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और आंधी का असर बना रहेगा. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बिहार में 25 से 27 मई के दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. वहीं झारखंड में 26 से 29 मई के दौरान तेज हवा और कहीं-कहीं बारिश की संभावना है. जबकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

दक्षिण भारत में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई राज्यों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है. केरल, माहे और लक्षद्वीप में 24 से 26 मई तक काफी बड़े इलाके में बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, रायलसीमा, कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक चल सकती हैं और झोंकों की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. दक्षिणी और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. वहीं केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

Also Read: राजस्थान में भीषण गर्मी, 47 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा, IMD ने जारी किया अलर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pritish sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >