बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर, अगले 48 घंटे में बहुत भारी बारिश, रेड अलर्ट

Heavy Rain Warning: बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बनने के कारण ओडिशा में अगले दो दिनों तक मौसम के तेवर तल्ख रह सकते हैं. कई इलाकों में जोरदार बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.

Heavy Rain Warning: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा में बारिश का दौर जारी है. गुरुवार (2 जुलाई) को राजधानी भुवनेश्वर समेत ओडिशा के कई हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक, गुरुवार को सबसे अधिक 57.2 मिमी बारिश जगतसिंहपुर में दर्ज की गई. इसके अलावा ढेंकनाल में 46 मिमी, भुवनेश्वर में 28.9 मिमी, केंद्रपाड़ा में 27 मिमी और बारीपदा में 20 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण मलकानगिरी जिले के कालीमेला ब्लॉक में मनमकोंडा पंचायत की सीतापाली घाट सड़क पर भूस्खलन हो गया. इसके चलते सड़क यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है और स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

अगले 48 घंटे में भारी बारिश के आसार

भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य के कई हिस्सों में आने वाले 48 घंटों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि यह सिस्टम अगले दो से तीन दिनों में और मजबूत हो सकता है.

आईएमडी ने जारी किया रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट

आईएमडी ने शुक्रवार के लिए कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित किया है. वहीं मौसम विभाग ने कालाहांडी, नवरंगपुर, रायगढ़ा और गजपति जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जबकि बालासोर, कटक, मयूरभंज, सोनपुर, बौध, नुआपाड़ा, बोलांगीर, कंधमाल, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

तीन दिन तक बना रहेगा मौसम का असर

आईएमडी के अनुसार, राज्य में कम दबाव के क्षेत्र का प्रभाव कम से कम अगले तीन दिनों तक बना रहेगा. ऐसे में कई जिलों में भारी बारिश, जलभराव और भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.

Also Read: Heavy Rain Alert: 2,3,4,5,6,7,8 जुलाई तक बहुत भारी वर्षा, इन राज्यों में मानसून का कहर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >