Kal ka Mausam : चक्रवाती तूफान की वजह से 30 अक्टूबर तक होगी भारी बारिश, आया IMD का अलर्ट

Kal ka Mausam : मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान के कारण 27 अक्टूबर से ओडिशा और बंगाल में भारी बारिश की संभावना है. दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना नया निम्न वायुदाब क्षेत्र चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है जिसकी वजह से बारिश देखने को मिल सकती है. जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल.

Kal ka Mausam : मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में शुक्रवार को बना नया निम्न वायुदाब क्षेत्र 27 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसके असर से सोमवार से तीन दिन तक ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है. भुवनेश्वर मौसम केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि यह मौसमी तंत्र पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में भी इसके इसी दिशा में बढ़ने की संभावना बनी हुई है.

मोहंती ने बताया कि 25 अक्टूबर तक यह सिस्टम दक्षिण-पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर अवदाब के रूप में रहेगा, 26 अक्टूबर तक गहरे अवदाब में बदलेगा और 27 अक्टूबर की सुबह तक दक्षिण-पश्चिम एवं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा. मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को 21 जिलों में, जबकि सोमवार को पूरे ओडिश में हल्की से मध्यम बारिश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है.

बंगाल में भारी बारिश के आसार

इस तूफान के कारण 28 से 30 अक्टूबर के बीच दक्षिण बंगाल के जिलों उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर, झारग्राम तथा हावड़ा में भारी बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही 28 अक्टूबर को कोलकाता और आसपास के हुगली जिले में बिजली कड़कने के साथ तूफान आने की संभावना है. उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में भी 29 से 30 अक्टूबर के बीच भारी बारिश होने की संभावना है.

झारखंड में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 26 और 27 अक्टूबर को झारखंड के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे. इसके बाद 29 अक्टूबर को बारिश हो सकती है. विभाग के अनुसार, राज्य के दक्षिण–पूर्वी और उत्तर–पूर्वी भागों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है. 28 अक्टूबर तक कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

यह भी पढ़ें : Aaj ka Mausam : चक्रवाती तूफान का दिखेगा असर, 30 अक्टूबर तक इन राज्यों में होगी भारी बारिश

बिहार में कब होगी बारिश?

मौसम विभाग पटना के अनुसार, 25 और 26 अक्टूबर को बिहार का मौसम साफ रहने की संभावना है. दिन का तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस और रात का 21-22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है. लेकिन इसके अगले दिन से मौसम बदलने लगेगा. बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं उत्तर की ओर बढ़ रही हैं, जो 27 से 31 अक्टूबर तक बादलों को घना करेंगी. इस दौरान पूरे राज्य में बारिश देखने को मिल सकती है.

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई जगहों पर गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कडलूर, पुडुचेरी, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. चेन्नई और आसपास के इलाकों में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >