Heavy Rain: सिरमौर की उपायुक्त (डीसी) प्रियंका वर्मा और सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है, ‘‘लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर आवागमन बाधित हो रहा है, भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है और विशेष रूप से ग्रामीण एवं पहाड़ी इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है. ऐसे प्रतिकूल मौसम की स्थिति जिले भर में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों के जीवन और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकती है.’’
सिरमौर में गुरुवार को ही स्कूल बंद करने के दिए गए थे आदेश
सिरमौर जिले के पांवटा उपमंडल में गुरुवार देर रात ही शिक्षण संस्थानों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया था. इसके बाद शुक्रवार नाहन, संगड़ाह, पच्छाद और राजगढ़ उपमंडलों के उपमंडाधिकारियों (एसडीएम) ने भी अलग-अलग आदेश जारी कर दिए. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहेंगे और उन्हें ड्यूटी से छूट नहीं दी गई है.
हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है. इसके मद्देनजर भूस्खलन, अचानक बाढ़ आने, पेड़ों के उखड़ने और सड़कों के अवरुद्ध होने जैसी घटनाएं हो सकती हैं, जिससे लोगों के जीवन और सार्वजनिक सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका है.
भारी बारिश के कारण सिरमौर में सड़कें अवरुद्ध
भारी बारिश के कारण सिरमौर जिले में कई सड़कें भी अवरुद्ध हो गई हैं. बारिश का असर शिमला में भी देखने को मिला, जहां जनजीवन प्रभावित रहा. शहर के विकासनगर क्षेत्र में एक इमारत के सामने बनी दीवार ढह गई. दीवार गिरने से सड़क किनारे खड़े दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.
ये भी पढ़ें: मौसम अलर्ट: 10, 11, 12, 13, 14 और 15 जुलाई तक भारी बारिश, आंधी-तूफान की चेतावनी
